TRENDING TAGS :
सुपर पावरफुल बन रहे ट्रंप! संबोधन में कह दी ऐसी बात कि... ; ईरान के परमाणु शक्ति पर भी तोड़ी चुप्पी
Trump speech on US-Iran War: ईरान युद्ध के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि वह किसी भी कीमत पर ईरान को परमाणु शक्ति नहीं बनने देंगे।
Trump speech on US-Iran War: मिडिल ईस्ट में जारी जंग के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने राष्ट्र को संबोधित करते हुए कई बड़े और चौंकाने वाले दावे किए। ट्रंप ने साफ कहा कि वह किसी भी कीमत पर ईरान को परमाणु शक्ति बनने नहीं देंगे। इस बयान ने पहले से सुलग रहे हालात में नई गर्मी भर दी है।
“ईरान का परमाणु सपना कभी पूरा नहीं होगा”
अपने संबोधन में ट्रंप ने जोर देकर कहा कि उन्होंने पहले ही यह साफ कर दिया था कि ईरान का परमाणु कार्यक्रम सफल नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि पिछले एक महीने से जारी इस युद्ध में अमेरिका और इजरायल मिलकर लगातार कार्रवाई कर रहे हैं। उन्होंने बेरुत का जिक्र करते हुए कहा कि अमेरिका ने अपने सैनिकों की कुर्बानी को कभी नहीं भुलाया और यही वजह है कि वह इस बार पूरी ताकत के साथ जवाब दे रहे हैं।
ईरान की सेना बर्बाद - ट्रंप के बड़े दावे
ट्रंप ने अपने भाषण में कई बड़े सैन्य दावे भी किए। उन्होंने कहा कि ईरान की नौसेना पूरी तरह खत्म हो चुकी है, वायुसेना तबाह हो गई है और इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) का नेतृत्व पूरी तरह नष्ट कर दिया गया है। उनके मुताबिक, अमेरिका ने अपने लगभग सभी सैन्य टारगेट पूरे कर लिए हैं और अब ईरान की ताकत पहले जैसी नहीं रही। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि अभी तक नहीं हो पाई है, लेकिन ट्रंप के इस बयान ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बहस जरूर छेड़ दी है।
होर्मुज स्ट्रेट पर दुनिया की जिम्मेदारी?
ट्रंप ने एक और अहम मुद्दा उठाते हुए कहा कि अब स्ट्रेट ऑफ होर्मुज की सुरक्षा की जिम्मेदारी सिर्फ अमेरिका की नहीं होनी चाहिए। उन्होंने जापान, फ्रांस, साउथ कोरिया और चीन जैसे देशों से इस दिशा में आगे आने की अपील की। उनका मानना है कि यह समुद्री रास्ता पूरी दुनिया के लिए अहम है, इसलिए इसकी सुरक्षा भी साझा जिम्मेदारी होनी चाहिए।
सीजफायर पर भी सख्त रुख
ट्रंप ने दावा किया कि ईरान ने युद्धविराम की मांग की है, लेकिन उन्होंने साफ कर दिया कि जब तक तेहरान इस समुद्री रास्ते को बाधित करना बंद नहीं करता, तब तक कोई बातचीत संभव नहीं है। हालांकि, ईरान ने इस दावे को खारिज कर दिया है, जिससे स्थिति और उलझती नजर आ रही है।
मैं कितना महान हूं- ट्रंप
राष्ट्र को संबोधित करने से पहले ट्रंप का एक और बयान चर्चा में आ गया, जिसमें उन्होंने कहा कि वह लोगों को यह बताने जा रहे हैं कि वह एक नेता के तौर पर कितने महान हैं। इस बयान को लेकर सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। कुछ लोग इसे आत्मविश्वास मान रहे हैं, तो कुछ इसे अहंकार बता रहे हैं।
क्या खत्म होगी जंग या और बढ़ेगा तनाव?
ट्रंप के इन बयानों ने एक तरफ जहां अमेरिका की सख्त रणनीति को सामने रखा है, वहीं दूसरी तरफ यह भी साफ कर दिया है कि हालात अभी सामान्य होने से काफी दूर हैं। ईरान के साथ टकराव किस दिशा में जाएगा, यह आने वाले दिनों में तय होगा


