TRENDING TAGS :
Zelensky on Russia: यूक्रेन ने रूस के सैन्य और तेल ढांचे पर किया बड़ा हमला, जेलेंस्की ने किया दावा
Zelensky on Russia: यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने दावा किया है कि यूक्रेनी सेना ने रूस के कई सैन्य और तेल ठिकानों पर जवाबी हमले कर बड़ी क्षति पहुंचाई है।
Zelensky on Russia: यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने दावा किया कि रूसी हमलों के जवाब में यूक्रेनी सुरक्षा बलों ने रूस के कई ठिकानों पर हमले किए हैं। इन हमलों में तेल टर्मिनल, सैन्य अड्डों और हथियार निर्माण से जुड़े प्रतिष्ठानों को निशाना बनाया गया, जिससे रूस की युद्ध क्षमता को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया गया है।
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पोस्ट पर बताया, ''यूक्रेन की सुरक्षा सेवा, मानव रहित प्रणालियों की सेना, विशेष अभियान बलों, रक्षा खुफिया विभाग और राज्य सीमा सुरक्षा सेवा के जवानों की ओर से चलाए गए लंबी दूरी के अभियानों से अच्छे नतीजे मिले हैं। बीती रात रूस की जमीन पर मौजूद कई महत्वपूर्ण ठिकानों को निशाना बनाया गया।
इनमें सेंट पीटर्सबर्ग ऑयल टर्मिनल भी शामिल था। यूक्रेन की सीमा से रूस के इस तेल उद्योग केंद्र की दूरी लगभग 1,100 किलोमीटर है। यह केंद्र युद्ध से जुड़े कामों में इस्तेमाल होता है। इसके अलावा, क्रोनस्टाट बेस पर मौजूद सैन्य ठिकानों को भी निशाना बनाया गया।
राष्ट्रपति जेलेंस्की ने बताया कि एक और लक्ष्य तांबोव क्षेत्र में स्थित वह उद्यम था, जो रूसी हथियारों के उत्पादन में शामिल है। यह स्थान मोर्चे से लगभग 600 किलोमीटर दूर है।
जेलेंस्की ने कहा, ''मैं हमारे जवानों की सटीक कार्रवाई के लिए उनका धन्यवाद करता हूं। यूक्रेन की लंबी दूरी की कार्रवाई की योजना ठीक उसी तरह लागू की जा रही है जैसा जरूरी है, ताकि शांति को और करीब लाया जा सके।''
एक दिन पहले रूस ने यूक्रेन के कई शहरों को निशाना बनाते हुए जबरदस्त तबाही मचाई। कई शहरों में नागरिक ढांचे को गंभीर नुकसान पहुंचाया। इन हमलों में बड़ी संख्या में लोग प्रभावित हुए हैं। हमले में कीव चार लोगों की मौत हो गई। शहर डनिप्रो में भी एक बच्चे सहित नौ लोगों की जान चली गई।
रूस ने यूक्रेन के लोगों पर रातभर हमले किए। इसमें 656 अटैक ड्रोन और 73 अलग-अलग प्रकार की मिसाइलें दागीं। इनमें बैलिस्टिक, क्रूज और एंटी-शिप मिसाइलें शामिल थीं।
रूस ने खार्किव क्षेत्र में ऊर्जा सुविधाओं और खार्किव शहर की महत्वपूर्ण बुनियादी सेवाओं को भी निशाना बनाया। इसके अलावा कीव, मिकोलाइव, जापोरिजिया, पोल्टावा, सूमी, चेर्निहिव और खमेलनित्सकी क्षेत्रों पर भी हमले किए थे।


