TRENDING TAGS :
लो हो गया महागठबंधन में खेल! RJD और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे की गणित नहीं बन रही, लालू ने 50 सीट से ज्यादा देने से किया इंकार
Bihar Politics: बिहार विधानसभा चुनाव से पहले महागठबंधन में सीट बंटवारे को लेकर बड़ा विवाद पैदा हुआ है। लालू प्रसाद यादव ने कांग्रेस को 50 से ज्यादा सीटें देने से इंकार कर दिया है।
Bihar Politics: बिहार विधानसभा चुनाव से पहले महागठबंधन में सीटों के बंटवारे को लेकर बड़ा विवाद पैदा हो गया है। जानकारों के अनुसार, राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव कांग्रेस को 50 से ज्यादा सीटें देने के लिए तैयार नहीं हैं, जबकि कांग्रेस कुछ अहम सीटों पर अपनी पकड़ मजबूत रखना चाहती है। इस स्थिति को सुलझाने के लिए कांग्रेस ने पूर्व केंद्रीय मंत्री और राज्यसभा सांसद अखिलेश प्रसाद सिंह को सक्रिय किया है। वह इस मुद्दे पर लालू प्रसाद यादव से लगातार संपर्क में हैं और समाधान निकालने की कोशिश कर रहे हैं।
अखिलेश प्रसाद सिंह और लालू यादव की मुलाकात
जानकारी के मुताबिक, अखिलेश सिंह ने हाल ही में लालू से मुलाकात की थी और आज फिर वे इस मुद्दे पर चर्चा करने के लिए उनसे मिलेंगे। माना जा रहा है कि अखिलेश सिंह महागठबंधन के लिए सीटों के बंटवारे का समाधान ढूंढने की कोशिश करेंगे। इसके अलावा, राजद नेता तेजस्वी यादव आज दिल्ली जा सकते हैं, जहां उनकी राहुल गांधी से मुलाकात होने की संभावना है। इस बैठक में महागठबंधन की चुनावी रणनीति और सीट बंटवारे पर चर्चा हो सकती है।
महागठबंधन में सीट बंटवारे का पिछला इतिहास
2020 के विधानसभा चुनाव में महागठबंधन ने राजद, कांग्रेस और अन्य कई पार्टियों के साथ मिलकर चुनाव लड़ा था। उस समय राजद को 144 सीटें, कांग्रेस को 70, CPI-ML को 19, CPI को 6 और CPM को 4 सीटें मिली थीं। उस चुनाव में मुकेश सहनी ने गठबंधन से बाहर होकर एनडीए का दामन थाम लिया था और भाजपा ने उन्हें 11 सीटें दी थीं। अब महागठबंधन में मुकेश सहनी फिर से शामिल हो गए हैं और इसके अलावा झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) और राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी (RLJP) भी सीटों पर बातचीत कर रहे हैं।
सीटों का गणित
राजद के मुताबिक, इस बार पार्टी 138 सीटों पर चुनाव लड़ेगी, जो 2020 के मुकाबले 6 सीटें कम हैं। वहीं, कांग्रेस को अपनी सीटें 70 से घटाकर 57 तक लानी होंगी। CPI-ML को भी 19 की बजाय 18 सीटों पर संतोष करना होगा। मुकेश सहनी को 16 सीटें दी जाने का प्रस्ताव है। CPI और CPM को फिर से 6 और 4 सीटें मिल सकती हैं। बाकी बची 4 सीटों में से 2-2 सीटें झामुमो और RLJP को दिए जाने की संभावना है।
पार्टी विलय पर भी चर्चा
इसके अलावा, एक चर्चा यह भी है कि लालू यादव ने पशुपति पारस से कहा है कि वे अपनी पार्टी को राजद में विलय कर लें। पारस अपने बेटे को चुनाव में उतारने को लेकर परेशान हैं, जहां राजद के रामवृक्ष सदा विधायक हैं।


