TRENDING TAGS :
‘वंदे मातरम’ का मतलब क्या होता है? जानकर आपका सीना गर्व से हो जाएगा चौड़ा
Vande Mataram Meaning: राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ के 150 साल पूरे हो गए है। इस मौके पर देशभर में कार्यक्रम हो रहे हैं। ये गीत आज भी देशभक्ति की भावना जगाता है।
Vande Mataram Meaning
Vande Mataram Meaning: भारत के राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ के 150 साल पूरे हो चुके हैं, और इस ऐतिहासिक मौके पर पूरे देश में उत्सव का माहौल है। देशभर में अलग-अलग कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है, ताकि इस गीत के महत्व और उसके पीछे की देशभक्ति की भावना को फिर से याद किया जा सके। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस अवसर पर स्मरणोत्सव कार्यक्रम की शुरुआत करेंगे, जो पूरे साल चलेगा। इसके साथ ही इस खास मौके पर एक स्मारक डाक टिकट भी जारी किया जा रहा है। वंदे मातरम सिर्फ एक गीत नहीं, बल्कि भारत के स्वतंत्रता संग्राम का प्रतीक बन चुका था। इसे सुनते ही स्कूल की असेंबली, देशभक्ति के कार्यक्रम और आज़ादी की लड़ाई के वो जोशभरे पल याद आ जाते हैं। पर क्या आप जानते हैं कि इस गीत की रचना कब और किसने की थी, और इसके शब्दों का अर्थ क्या है?
इस गीत को बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय ने वर्ष 1875 में लिखा था। बाद में रवीन्द्रनाथ टैगोर ने इसे अपनी आवाज में स्वरबद्ध किया और 1896 में कलकत्ता कांग्रेस अधिवेशन में पहली बार इसे सार्वजनिक रूप से गाया गया। उस दौर में यह गीत देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत था और धीरे-धीरे ब्रिटिश हुकूमत के खिलाफ संघर्ष का प्रतीक बन गया। इसकी धुन सुनते ही हर भारतीय के हृदय में देशप्रेम की लहर दौड़ पड़ती थी। इसी कारण अंग्रेज सरकार ने इस गीत पर प्रतिबंध भी लगा दिया था। स्वतंत्रता प्राप्ति के बाद, इस गीत के ऐतिहासिक और भावनात्मक महत्व को देखते हुए, 24 जनवरी 1950 को इसे भारत का राष्ट्रीय गीत (Rashtrageet) घोषित किया गया।
वंदे मातरम का अर्थ
“वंदे मातरम” का अर्थ है -हे मातृभूमि!” मैं मां को नमन करता हूं या फिर भारत माता मैं तेरी स्तुति करता हूं। यह भारत माता के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने वाला गीत है। इसमें “वंदे” शब्द संस्कृत से लिया गया है, जिसका अर्थ है “नमन करना” या “प्रणाम करना”, जबकि “मातरम” शब्द “मां” या “मातृभूमि” के लिए प्रयुक्त हुआ है। यह गीत मातृभूमि की शक्ति, सौंदर्य और महानता का गुणगान करता है। आज जब इस गीत के 150 वर्ष पूरे हो रहे हैं, तो देश एक बार फिर उन शहीदों और देशभक्तों को नमन कर रहा है, जिन्होंने “वंदे मातरम” की गूंज के साथ आज़ादी की लड़ाई लड़ी। यह गीत न केवल इतिहास का गौरव है, बल्कि हर भारतीय के हृदय में बसने वाली राष्ट्रभक्ति की भावना का प्रतीक भी है।


