TRENDING TAGS :
अनंत सिंह की जीत पक्की! वोटिंग के आंकड़ों ने उड़ाये होश... देखें बाहुबलियों की सीट पर वोटिंग ट्रेंड
Bahubali Candidates Seat Voting: अनंत सिंह की जीत पक्की! वोटिंग के आंकड़ों ने उड़ाये होश बाहुबलियों की सीट पर वोटिंग ट्रेंड से बढ़ा सियासी तापमान
Bahubali Candidates Seat Voting: बिहार में जिन सीटों पर बाहुबलियों का बोलबाला है, वहां वोटिंग का तापमान भी आसमान छू रहा है। मोकामा से लेकर लालगंज, मांझी और दानापुर तक हर सीट पर जनता यह तय करने निकली है कि इस बार किसकी ‘दबंगई’ चलेगी... जनता की या बाहुबली की।
अनंत सिंह के गढ़ मोकामा का हाल
मोकामा विधानसभा सीट इस चुनाव का सबसे चर्चित मैदान बन गई है। यहां जेडीयू के टिकट पर बाहुबली अनंत सिंह जेल में रहते हुए भी चुनाव लड़ रहे हैं। उन पर दुलारचंद यादव की हत्या का आरोप है। जेल की सलाखों के पीछे बंद अनंत के समर्थक बाहर जोश में हैं। शुरुआती 4 घंटों में ही 26.80% वोटिंग हो चुकी है। अनंत के खिलाफ वीणा देवी और पीयूष प्रियदर्शी पूरा दम लगा रहे हैं, लेकिन इलाके की गलियों में अभी भी ‘छोटे सरकार’ के नाम का असर साफ दिखता है।
लालगंज में ‘बेटी बनाम विरासत’ की जंग
लालगंज सीट पर सियासी विरासत और बाहुबल का संगम देखने को मिल रहा है। यहां से मुन्ना शुक्ला की बेटी शिवानी शुक्ला मैदान में हैं, जिन्हें राजद ने टिकट दिया है। सुबह 9 बजे तक 14.96% वोटिंग हुई, जो 11 बजे तक बढ़कर 30.12% हो गई। यहां जनता यह तय करेगी कि मुन्ना शुक्ला की विरासत बेटी शिवानी तक पहुंचेगी या जनता कोई नया चेहरा चुनेगी।
मांझी में प्रभुनाथ सिंह का बेटा रणधीर
मांझी सीट पर जनता दल यूनाइटेड ने रणधीर सिंह, यानी बाहुबली प्रभुनाथ सिंह के बेटे पर भरोसा जताया है। प्रभुनाथ फिलहाल हत्या के मामले में जेल में हैं, लेकिन बेटे रणधीर पर जनता की निगाहें टिकी हैं। 11 बजे तक यहां 27.28% वोटिंग दर्ज की गई यानी जनता का उत्साह इस सीट पर भी जोरों पर है।
दानापुर की दौड़ में रीतलाल यादव
दानापुर से आरजेडी ने रीतलाल यादव को मैदान में उतारा है, जो खुद कई गंभीर मामलों के आरोपी हैं और इस वक्त जेल में बंद हैं। उनके खिलाफ बीजेपी के रामकृपाल यादव हैं। शुरुआती 4 घंटों में 22.98% मतदान हुआ यानी जनता इस बार भी ‘दानापुर की लड़ाई’ को दिलचस्प बनाए हुए है।
रघुनाथपुर और ब्रह्मपुर, नए चेहरों में पुराना असर
रघुनाथपुर में शहाबुद्दीन के बेटे ओसामा शहाब मैदान में हैं। पिता की छवि अब भी इलाके में चर्चा का विषय है, और यही वजह है कि 11 बजे तक 26.99% वोटिंग हो चुकी है।ब्रह्मपुर में हुलास पांडे, जो रणवीर सेना प्रमुख ब्रह्मेश्वर मुखिया हत्या केस के आरोपी रह चुके हैं, एक बार फिर चुनावी दांव खेल रहे हैं। यहां 28.66% मतदान हुआ है। यह बताता है कि जनता इस बार भी बाहुबलियों को नजरअंदाज नहीं कर रही।
जनता बनाम बाहुबली, किसकी होगी जीत?
पहले चरण में बिहार के 18 जिलों में मतदान हो रहा है, और बाहुबलियों की सीटों पर जनता की भागीदारी ने चुनाव को और दिलचस्प बना दिया है। फिलहाल 14 नवंबर को नतीजे आएंगे, लेकिन आज बिहार ने दिखा दिया है कि लोकतंत्र की असली ताकत अभी भी जनता के हाथों में है।


