कौन है CM रेखा गुप्ता पर हमला करने वला शख्स? पुलिस ने गिरफ्तार कर शुरू की पूछताछ

CM Rekha Gupta attack: दिल्ली में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर जनसुनवाई के दौरान हमला, आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया। पुलिस पूछताछ में जुटी, मुख्यमंत्री की हालत स्थिर, राजनीतिक साजिश की आशंका।

Harsh Srivastava
Published on: 20 Aug 2025 10:34 AM IST
कौन है CM रेखा गुप्ता पर हमला करने वला शख्स? पुलिस ने गिरफ्तार कर शुरू की पूछताछ
X

CM Rekha Gupta attack: देश की राजधानी दिल्ली में एक चौंकाने वाली और निंदनीय घटना सामने आई है, जिसने मुख्यमंत्री की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बुधवार को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर उनके आवास पर चल रही साप्ताहिक जनसुनवाई के दौरान एक शख्स ने हमला कर दिया। इस हमले में मुख्यमंत्री के सिर में चोट आई है, जिसके बाद उन्हें तुरंत चिकित्सा सहायता दी गई। दिल्ली पुलिस ने इस घटना की पुष्टि की है और गृह मंत्रालय को इसकी जानकारी दे दी है।

हमलावर कौन और हमला क्यों?

पुलिस के मुताबिक, हमलावर की पहचान गुजरात के राजकोट निवासी राजेश भाई खिमजी भाई सकरिया (उम्र 41) के रूप में हुई है। शुरुआती पूछताछ में पता चला है कि यह शख्स जनसुनवाई में मुख्यमंत्री से मिलने पहुंचा था। उसने पहले मुख्यमंत्री को कुछ दस्तावेज सौंपे, और फिर अचानक उन पर हमला कर दिया। दिल्ली भाजपा प्रमुख वीरेंद्र सचदेवा ने बताया कि आरोपी ने मुख्यमंत्री का हाथ पकड़कर खींचने की कोशिश की, जिससे धक्का-मुक्की हुई और उनका सिर टेबल के कोने से जा टकराया।

राजनीतिक साजिश की बू?

इस घटना के बाद दिल्ली की सियासत में भूचाल आ गया है। आम आदमी पार्टी (आप) और भाजपा के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है। दिल्ली के मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने इसे एक "राजनीतिक साजिश" करार दिया है। उन्होंने कहा, "वह दिन-रात दिल्ली के लिए सोचती हैं। विपक्ष यह बर्दाश्त नहीं कर पा रहा कि मुख्यमंत्री घंटों जनता के बीच बैठती हैं और उनसे सीधा संवाद करती हैं।" सिरसा ने मांग की है कि पुलिस सभी तथ्यों को सामने लाए। वहीं, भाजपा प्रवक्ता प्रवीन शंकर ने भी इस घटना की निंदा की, लेकिन साथ ही कहा कि हमलावर के बयान से लगता है कि वह किसी ऐसी पार्टी से जुड़ा हो सकता है जो दिल्ली में अपनी स्थिति को लेकर असंतुष्ट है।

चश्मदीद का बयान और पुलिस की कार्रवाई

घटना की चश्मदीद अंजली ने बताया, "यह गलत है। हर किसी को जनसुनवाई का अधिकार है। आरोपी बात कर रहा था और अचानक उसने थप्पड़ मारा। पुलिस उसे तुरंत ले गई।" दिल्ली पुलिस के मुताबिक, डीसीपी मौके पर पहुंचे और आरोपी को तुरंत हिरासत में ले लिया गया। पुलिस उससे गहन पूछताछ कर रही है ताकि हमले के पीछे का मकसद और किसी संभावित साजिश का पता लगाया जा सके।

मुख्यमंत्री की हालत स्थिर, विपक्षी नेताओं ने की निंदा

दिल्ली भाजपा प्रमुख वीरेंद्र सचदेवा ने बताया कि डॉक्टरों ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की हालत स्थिर बताई है, हालांकि वह सदमे में हैं। उन्होंने रेखा गुप्ता को "मजबूत महिला" बताते हुए कहा कि वह जल्द ही अपने काम पर लौटेंगी और जनसुनवाई जारी रखेंगी। कांग्रेस और आप समेत अन्य विपक्षी नेताओं ने भी इस हमले की कड़ी निंदा की है। दिल्ली कांग्रेस प्रमुख देवेंद्र यादव ने कहा, "यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। अगर दिल्ली की सीएम सुरक्षित नहीं हैं तो आम आदमी या महिला की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित होगी?" पूर्व मुख्यमंत्री और आप विधायक आतिशी ने भी हिंसा की निंदा करते हुए कहा कि लोकतंत्र में असहमति का स्थान है, लेकिन हिंसा की कोई जगह नहीं है। यह घटना न सिर्फ मुख्यमंत्री की सुरक्षा पर बल्कि पूरे देश में राजनीतिक माहौल पर एक बड़ा सवाल खड़ा करती है।

1 / 5
Your Score0/ 5
Harsh Srivastava
ABOUT THE AUTHOR

Harsh Srivastava

Hi! I am Harsh Srivastava, currently working as a Content Writer and News Coordinator at Newstrack. I oversee content planning, coordination, and contribute with in-depth articles and news features, especially focusing on politics and crime. I started my journey in journalism in 2023 and have worked with leading publications such as Hindustan, Times of India, and India News, gaining experience across cities including Varanasi, Delhi and Lucknow. My work revolves around curating timely news, in- depth research, and delivering engaging content to keep readers informed and connected.

Next Story