Delhi Election Result 2025: सपा-कांग्रेस संबंध पर भी होगा दिल्ली चुनाव का असर

Delhi Election Result 2025: यूपी में हुए विधान सभा के उपचुनाव में सपा ने कांग्रेस को एक भी सीट नहीं दी। कांग्रेस ने भी इन उपचुनाव में सक्रियता नहीं दिखाई और सपा को झटका लगा।

Raj Kumar Singh
Published on: 8 Feb 2025 1:07 PM IST
Delhi Election Result 2025: सपा-कांग्रेस संबंध पर भी होगा दिल्ली चुनाव का असर
X

Delhi Election Result 2025 (Photo: Social Media)

Delhi Election Result 2025: दिल्ली में बीजेपी की ऐतिहासिक जीत और आम आदमी पार्टी की हार का अब पूरे देश में इंडिया गठबंधन पर भी असर दिखाई देना तय है। उत्तर प्रदेश में तो समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के गठबंधन पर भी इसका असर पड़ना तय ही है। इस साल हुए लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश में गठबंधन किया था। और दोनों ने मिलकर बीजेपी को पीछे कर दिया था। अखिलेश यादव और राहुल गांधी ने मिलकर यूपी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजय रथ को रोक दिया था। दोनों ने संविधान संशोधन के मुद्दे और पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) के एजेंडे को सफलतापूर्वक प्रदेश में चलाया था। लोकसभा चुनाव में यूपी में बीजेपी को काफी सीटों का नुकसान हुआ और केंद्र में इनकी पूर्ण बहुमत की सरकार बनने से रह गई।

लेकिन लोकसभा चुनाव के बाद से सपा और कांग्रेस का यह गठबंधन कमजोर होने लगा। महाराष्ट्र और हरियाणा के विधानसभा चुनाव में इनके बीच तकरार की खबरें सामने आई थीं। समाजवादी पार्टी को शिकायत थी कि कांग्रेस उसे तवज्जो नहीं दे रही है। इसी बीच उत्तर प्रदेश में हुए विधान सभा के उपचुनाव में समाजवादी पार्टी ने कांग्रेस को एक भी सीट नहीं दी। कांग्रेस ने भी इन उपचुनाव में सक्रियता नहीं दिखाई और सपा को झटका लगा।

दिल्ली चुनाव के परिणाम क्या डालेंगे असर?

लेकिन दोनों के गठबंधन में सबसे बड़ी दरार दिल्ली विधान सभा चुनाव में सामने देखने को मिली। सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने आम आदमी पार्टी के पक्ष में प्रचार किया। अखिलेश यादव ने अरविंद केजरीवाल के समर्थन में रोड शो भी किया। कांग्रेस भी इस बार दिल्ली विधानसभा का चुनाव पूरे जोरशोर से लड़ रही थी। स्वाभाविक रूप से सपा को कांग्रेस का साथ देना चाहिए था लेकिन ऐसा हुआ नहीं। कांग्रेस के नेताओं को यह बात निश्चित रूप से ठीक नहीं लगी होगी। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश में मिल्कीपुर में हुए उपचुनाव में भी कांग्रेस नेताओं ने भी दिलचस्पी नहीं दिखाई। मिल्कीपुर में भी सपा को झटका लगा है।

लोकसभा चुनाव के बाद महाराष्ट्र, हरियाणा और अब दिल्ली में बीजेपी की जीत ने बीजेपी के हौसले तो बुलंद किए ही हैं साथ ही इंडिया गठबंधन को कमजोर भी किया है। दिल्ली के पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश में तो इसका असर जल्द ही देखने को भी मिलेगा।

Raj Kumar Singh
ABOUT THE AUTHOR

Raj Kumar Singh

राज कुमार सिंह जन्म: 1 जनवरी 1971, तत्कालीन इटावा, (अब औरैया) जिले की बिधूना तहसील में। शिक्षा: मध्य एवं आधुनिक भारतीय इतिहास से एम.ए. (लखनऊ विश्वविद्यालय), एम.ए., पत्रकारिता (लखनऊ विश्वविद्यालय)। कार्य: 1994 से पत्रकारिता। प्रिंट और इलेक्ट्रानिक मीडिया में कई संस्थानों में कार्य किया। प्रिंट में नवभारत टाइम्स, लखनऊ में बतौर राजनीतिक संपादक कार्य किया। इसके अलावा हिंदुस्तान अखबार के प्रयागराज संस्करण में स्थानीय संपादक, वाराणसी संस्करण में स्थानीय संपादक और लखनऊ संस्करण में उप संपादक के तौर पर काम किया। इलेक्ट्रानिक मीडिया में सहारा समय उत्तर प्रदेश और न्यूज-24 चैनल में लखनऊ में ब्यूरो चीफ रहे। वायस ऑफ इंडिया न्यूज चैनल में लखनऊ में ब्यूरो चीफ और फिर स्थानीय संपादक के तौर पर काम किया। न्यूज एक्सप्रेस चैनल में लखनऊ में पहले स्टेट हेड फिर कोआर्डिनेटिंग एडिटर के तौर पर काम किया।

Next Story