खेसारी लाल यादव की पत्नी का नामांकन रद्द! छपरा सीट पर बड़ा उलटफेर, क्या अब खुद सुपरस्टार लड़ेंगे चुनाव?

Khesari Lal Yadav: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में खेसारी लाल यादव की पत्नी चंदा देवी का नामांकन रद्द, अब खुद सुपरस्टार छपरा सीट से चुनाव लड़ सकते हैं।

Harsh Sharma
Published on: 16 Oct 2025 5:47 PM IST (Updated on: 16 Oct 2025 5:47 PM IST)
खेसारी लाल यादव की पत्नी का नामांकन रद्द! छपरा सीट पर बड़ा उलटफेर, क्या अब खुद सुपरस्टार लड़ेंगे चुनाव?
X

Khesari Lal Yadav: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में एक बड़ा मोड़ देखने को मिला है। भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार खेसारी लाल यादव की पत्नी चंदा देवी का नामांकन विवाद में फंस गया है। बताया जा रहा है कि राजद (RJD) ने उन्हें छपरा विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया था, लेकिन मतदाता सूची में उनका नाम नहीं होने के कारण उनका नामांकन रद्द कर दिया गया।

नामांकन जांच में सामने आई गड़बड़ी

नामांकन पत्रों की जांच (स्क्रूटनी) के दौरान यह खुलासा हुआ कि चंदा देवी का नाम छपरा की मतदाता सूची में दर्ज नहीं है। सूत्रों के मुताबिक, उनका नाम मुंबई की मतदाता सूची में शामिल है, जहां उनका एक फ्लैट भी है। जबकि मूल रूप से वे छपरा जिले के एकमा प्रखंड के धानाडीह गांव की रहने वाली हैं। इस वजह से निर्वाचन आयोग ने उनका नामांकन अमान्य घोषित कर दिया।

खेसारी लाल बन सकते हैं नया चेहरा

अब राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज है कि चंदा देवी की जगह खुद खेसारी लाल यादव छपरा सीट से चुनाव लड़ सकते हैं। हालांकि अभी तक राजद की ओर से उन्हें आधिकारिक टिकट नहीं मिला है, लेकिन पार्टी सूत्रों का कहना है कि जल्द ही खेसारी लाल को पार्टी का सिंबल देकर नामांकन की प्रक्रिया पूरी कर दी जाएगी। खेसारी लाल का लालू प्रसाद यादव परिवार से करीबी रिश्ता बताया जाता है। वे कई बार पार्टी कार्यक्रमों और चुनावी रैलियों में नजर आ चुके हैं।

पहले राजनीति से बनाई थी दूरी

दिलचस्प बात यह है कि खेसारी लाल यादव पहले कई बार यह कह चुके हैं कि वे राजनीति में नहीं आना चाहते। उनका कहना था कि फिल्मों और निजी जीवन में वे इतने व्यस्त हैं कि राजनीति के लिए वक्त निकालना मुश्किल है। उन्होंने यह भी कहा था कि राजनीति में आने से उनके फिल्मी करियर पर असर पड़ सकता है। लेकिन अब हालात ऐसे बन गए हैं कि उन्हें खुद मैदान में उतरना पड़ सकता है।

छपरा में बढ़ी सियासी हलचल

खेसारी लाल यादव की संभावित एंट्री ने छपरा विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक तापमान बढ़ा दिया है। स्थानीय लोग और समर्थक बड़ी उत्सुकता से उनके अगले कदम का इंतजार कर रहे हैं। अगर वे चुनावी मैदान में उतरते हैं, तो यह मुकाबला बेहद रोचक हो सकता है क्योंकि भोजपुरी सिनेमा में उनकी लोकप्रियता लाखों लोगों के बीच है। इस घटना से यह भी साफ हो गया है कि बिहार चुनाव 2025 में हर सीट पर नए समीकरण और अप्रत्याशित मोड़ देखने को मिल सकते हैं। फिल्मी दुनिया के सितारे अब राजनीति के मंच पर भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराने को तैयार हैं।

1 / 4
Your Score0/ 4
Harsh Sharma
ABOUT THE AUTHOR

Harsh Sharma

Harsh Sharma is a Content Writer at Newstrack.com.

Next Story