TRENDING TAGS :
बारिश का ‘कहर’! पंजाब बाढ़ प्रभावित घोषित, हिमाचल में 9 मौतें, उत्तराखंड-जम्मू में भूस्खलन से बढ़ी आफत
Weather: दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, पंजाब और हरियाणा में बारिश के चलते नदी-नाले उफान पर हैं।
Weather Forecast
Aaj ka mausam: पहाड़ों से लेकर मैदान तक मूसलाधार बारिश ने मुसीबत बढ़ा दी है। बारिश के चलते नदियां खतरे के लाल निशान को पार कर गयी हैं। नदियों के तांडव से जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है। पहाड़ों पर बारिश के कारण जगह-जगह हो रहे भूस्खलन के चलते राष्ट्रीय राजमार्ग समेत सैकड़ों सड़कें बंद हो गये हैं। दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, पंजाब और हरियाणा में भी लगातार हो रही बारिश के चलते नदी-नाले उफान पर हैं।
जलभराव से लोग परेशान हैं। पंजाब में कई दशकों के सबसे भीषण बाढ़ से आम जनमानस त्राहि-त्राहि कर रहा है। पंजाब सरकार ने सभी 23 जनपदों को बाढ़ प्रभावित घोषित कर दिया है। प्राकृतिक आपदा के चलते अब तक 30 लोगों की जान जा चुकी है। वहीं 3.5 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हैं। बाढ़ प्रभावित इलाकों में सेना और एनडीआरएफ की टीमें राहत और बचाव कार्यों में जुटी हुई हैं।
बारिश से पंजाब-हरियाणा में हालत गंभीर
मूसलाधार बारिश के कारण पंजाब और हरियाणा में बाढ़ ने स्थिति को गंभीर बना दिया है। सतलुज, व्यास और रावी नदियों समेत क्षेत्र के कई नालों के उफान पर पहुंच जाने के कारण स्थिति भयावह हो गयी है। बाढ़ के चलते गुरदासपुर, पठानकोट, फिरोजपुर, तरनतारन, कपूरथला, होशियारपुर, फाजिल्का और अमृतसर सर्वाधिक प्रभावित हैं। बाढ़ से घिरे हुए इलाकों में सेना, एनडीआरएफ, बीएसएफ और पंजाब पुलिस राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई है। हरियाणा में यमुना समेत कई नदियों खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। जिसके चलते यमुनानगर जनपद में हथिनीकुंड बैराज के द्वार खोलने पड़ गये।
हिमाचल में स्कूल-कॉलेज बंद
हिमाचल प्रदेश में बारिश और भूस्खलन के चलते हालत खराब है। बारिश का दौर लगातार जारी है। बीते देर रात हिमाचल में सड़क धंसने के कारण पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, कुल्लू, सुंदरनगर और चिढ़गांव में भूस्खलन के कारण चार लोग असमय काल के गाल में समा गये। वहीं भूस्खलन के कारण शिमला-कालका रेड खंड से पांच सितंबर तक ट्रेन सेवा बंद कर दिया गया है। इसके साथ ही कई जगह स्कूल, कॉलेजों में भी अवकाश घोषित कर दिया गया है। दफ्तरों में भी वर्क फॉर्म होम को तरजीह दी जा रही है।
मूसलाधार बारिश का रेड अलर्ट जारी
मौसम विभाग के मुताबिक अभी कुछ दिनों तक बारिश से राहत की उम्मीद नहीं है। हिमाचल प्रदेश, छत्तीसगढ़, उत्तराखंड, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और ओडिशा में मूसलाधार बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। जिसके असर के चलते अगले पांच दिनों तक भारी बारिश होने का अनुमान है। जिससे बाढ़ की स्थिति और भी भयावह हो सकती है।
उत्तराखंड में भारी बारिश का अलर्ट जारी
उत्तराखंड में भारी बारिश के कारण हाहाकार मचा हुआ है। चंपावत, देहरादून, उधर सिंह नगर और नैनीताला में मूसलाधार वर्षा ने जनजीवन को काफी प्रभावित किया है। बारिश के कारण गंगा और उसकी सहायक नदियां तांडव मचा रही हैं। हरिद्वार और ऋषिकेश में गंगा नदी का जलस्तर खतरे के निशान के करीब पहुंच चुका है। उत्तराखंड में भी सभी स्कूल और कॉलेजों को बंद कर दिया गया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे के दौरान देहरादून और नैनीताल सहित कई जनपदों में भारी बारिश की संभावना है।
राजस्थान के दौसा में घरों में घुसा पानी
राजस्थान के दौसा जिले में मूसलाधार बारिश के कारण निचली बस्तियों व सड़कें पानी-पानी हो गयी हैं। दौसा में 177 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गयी। मौसम विभाग के मुताबिक राजस्थान में अगले पांच दिन भारी बारिश होने के आसार है।
जम्मू-कश्मीर में बारिश के चलते यातायात ठप
जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों में मूसलाधार बारिश के कारण सड़कों पर आवागमन बंद हो गया है। बारिश के चलते राजमार्ग पर समरोली और बनिहाल सेक्टर के बीच विभिन्न इलाकों में भूस्खलन हो रहा है। जम्मू संभाग में आज भी भारी बारिश की संभावना मौसम विभाग की ओर से जतायी गयी है।


