TRENDING TAGS :
Bihar Election Exit Poll: बिहार में वोटिंग खत्म होते एग्जिट पोल पर सबकी नजर, जानें कब आयेगा सर्वे?
Bihar Election 2025 Exit Poll: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 का दूसरा चरण आज पूरा हो रहा है। मतदान खत्म होते ही पूरे राज्य में अब एग्जिट पोल को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है।
Bihar Election 2025 Exit Poll: बिहार की सियासी गर्मी आखिरकार अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच गई है। महीने भर चली चुनावी हलचल, रैलियों की गूंज और नेताओं के आरोप-प्रत्यारोप के बीच आज दूसरे चरण की वोटिंग शाम तक पूरी हो जायेगी। मंगलवार, 11 नवंबर को 20 जिलों की 122 सीटों पर मतदान खत्म होते ही पूरा बिहार उस पल का इंतजार करने लगेगा, जब एग्जिट पोल सामने आएंगे और पहली बार इस चुनाव की ‘हवा का रुख’ साफ होगा।
शाम 6 बजे के बाद खुलेंगे एग्जिट पोल के ‘राज’
चुनाव आयोग के निर्देश के अनुसार, किसी भी मीडिया संस्थान को शाम 6 बजे से पहले एग्जिट पोल के आंकड़े प्रसारित करने की अनुमति नहीं है। अब जब मतदान समाप्त हो जायेगा, तो सभी की नजरें टीवी चैनलों और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर टिक जायेंगी। लोग जानना चाहते हैं कि इस बार ‘कौन पलड़ा भारी’ है एनडीए या महागठबंधन? ऐसे में आज शाम से देशभर के न्यूजरूम और बिहार के हर नुक्कड़ पर बस एक ही चर्चा होगी “एग्जिट पोल में कौन आगे?”
14 नवंबर को आएंगे असली नतीजे
हालांकि, एग्जिट पोल सिर्फ एक संकेत होते हैं, आखिरी फैसला तो 14 नवंबर को होगा, जब चुनाव आयोग सभी 243 विधानसभा सीटों की मतगणना करेगा। हर पार्टी ने अब अपनी पूरी ताकत लगा दी है, और उम्मीदवारों के दिलों की धड़कनें तेज हैं। पटना, गया, भागलपुर से लेकर सीमांचल तक हर जिले में प्रत्याशी अपने बूथ कैप्टन से आखिरी फीडबैक ले रहे हैं और जनता का मूड भांपने की कोशिश कर रहे हैं।
कसौटी पर नेताओं की साख
यह चुनाव सिर्फ सत्ता की कुर्सी का नहीं, बल्कि साख और भरोसे का भी है। एक ओर जहां एनडीए विकास और स्थिरता का दावा कर रहा है, वहीं महागठबंधन बेरोजगारी, महंगाई और कानून-व्यवस्था के मुद्दों पर जनता से वोट मांग रहा है। छोटे दलों और निर्दलीय उम्मीदवारों ने भी कई सीटों पर मुकाबले को दिलचस्प बना दिया है।
सड़क से लेकर सोशल मीडिया तक अब एक ही सवाल गूंज रहा है “बिहार किसके साथ जाएगा?” हर चुनाव की तरह इस बार भी जनता ने चुप्पी साध रखी है। लेकिन इस चुप्पी में ही छिपा है वह शोर, जो 14 नवंबर को नतीजों के दिन गूंजेगा। राजनीतिक गलियारों में सन्नाटा है, लेकिन टीवी चैनलों पर अब गहमागहमी बढ़ गई है। शाम छह बजे के बाद जब एग्जिट पोल सामने आएंगे, तो बिहार की राजनीति में पहली बार यह अहसास होगा कि ‘हवा किस ओर बह रही है’।


