TRENDING TAGS :
अपने से कम उम्र के लड़कों को क्यों डेट कर रहीं लड़कियां? सर्वे में सामने आई दिलचस्प बातें
Relationship Trends: रिश्तों को लेकर सोच तेजी से बदल रही है। उम्र अब प्यार में रुकावट नहीं मानी जा रही, बल्कि भावनात्मक जुड़ाव, समझदारी और लचीलापन ज्यादा मायने रखता है।
Relationship Trends: समाज में रिश्तों को लेकर अब काफी बदलाव देखने को मिल रहा है। जहां पहले शादी के लिए लड़का उम्र में बड़ा होना जरूरी माना जाता था, वहीं अब यह सोच तेजी से बदल रही है। आजकल कई लड़कियां अपने से छोटे उम्र के लड़कों को डेट कर रही हैं और शादी भी कर रही हैं। इस पर हाल ही में एक्ट्रेस और बिजनेसवुमन पारुल गुलाटी ने अपने पॉडकास्ट इंटरव्यू में खुलकर बात की, जो काफी चर्चा में रहा।
पारुल गुलाटी ने क्या कहा?
पारुल गुलाटी ने कहा कि उन्हें छोटे उम्र के लड़के ज्यादा पसंद आते हैं क्योंकि वे लचीले स्वभाव के होते हैं और सीखने के लिए तैयार रहते हैं। जबकि उम्र में बड़े पुरुष अक्सर अपनी जिद और तय सोच पर अड़े रहते हैं। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि प्रियंका चोपड़ा और कैटरीना कैफ जैसी एक्ट्रेसेज़ से उन्हें उम्मीद मिलती है क्योंकि उन्होंने भी अपने से छोटे उम्र के लड़कों से शादी की है।
पारुल का मानना है कि 30 साल से कम उम्र के लड़कों से बात करना आसान होता है। वे भावनात्मक रूप से ज्यादा समझदार हो रहे हैं और उन्हें गाइड किया जा सकता है। वहीं उम्रदराज पुरुष बदलाव को लेकर उतने ओपन नहीं होते।
रिश्तों में दरार की वजह
पारुल ने यह भी कहा कि शादी टूटने की सबसे बड़ी वजह यह होती है कि महिलाएं सोचती हैं कि पुरुष बदल जाएंगे और पुरुष यह मानते हैं कि महिलाएं कभी छोड़कर नहीं जाएंगी। जब उम्मीदें मेल नहीं खातीं और कोई बदलाव के लिए तैयार नहीं होता, तब रिश्ता टूटने की कगार पर आ जाता है।
सर्वे में क्या सामने आया?
डेटिंग ऐप ‘बंबल’ द्वारा किए गए एक सर्वे में भी कुछ ऐसा ही ट्रेंड सामने आया। सर्वे में 27 हजार लोगों को शामिल किया गया था। इसमें से 60% लड़कियों ने कहा कि वे अब अपने से छोटे उम्र के लड़कों को पार्टनर बनाना चाहती हैं। वहीं 63% लड़के-लड़कियां मानते हैं कि प्यार में उम्र की कोई सीमा नहीं होती। सर्वे की एक और खास बात यह थी कि 35% महिलाएं शारीरिक संबंध से ज्यादा इमोशनल कनेक्शन को प्राथमिकता देती हैं।


