TRENDING TAGS :
Auraiya News: यमुना तट पर चला स्वच्छता अभियान, हटाया गया तीन कुंतल कचरा
Auraiya News: समिति के संस्थापक आनंद नाथ गुप्ता एडवोकेट ने बताया कि अब तक समिति द्वारा किए गए अभियानों से 55 टन से अधिक कचरे को यमुना नदी में जाने से रोका गया है।
auraiya news
Auraiya News: जनपद में समाजसेवी संगठन एक विचित्र पहल सेवा समिति द्वारा यमुना तट पर स्थित अंत्येष्टि स्थलों की सफाई के लिए चलाए जा रहे अभियान का 165वां चरण संपन्न हुआ। यह अभियान लगातार शहर व आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाली शव यात्राओं के दृष्टिगत चलाया जा रहा है, जिससे श्रद्धालुओं को स्वच्छ वातावरण मिल सके।
समिति के अध्यक्ष ने दी जानकारी
बताते चले कि इस चरण में सफाई यंत्रों की सहायता से लगभग तीन कुंतल कचरा और अन्य अपशिष्ट एकत्र कर उन्हें नियंत्रित रूप से जलाकर नष्ट किया गया। समिति के अध्यक्ष राजीव पोरवाल ने जानकारी दी कि यमुना तट पर प्रतिदिन लगभग दस अंत्येष्टियाँ होती हैं, जिनमें शहर और ग्रामीण क्षेत्रों से लोग आते हैं। नियमित सफाई से वहां आने वाले लोगों को सुविधा मिलती है और गंगा-यमुना संस्कृति की गरिमा भी बनी रहती है।
कचरे को यमुना नदी में जाने से रोका गया
समिति के संस्थापक आनंद नाथ गुप्ता एडवोकेट ने बताया कि अब तक समिति द्वारा किए गए अभियानों से 55 टन से अधिक कचरे को यमुना नदी में जाने से रोका गया है। उन्होंने चिंता व्यक्त की कि गंदे नाले, मृत पशु और लावारिस शवों के कारण यमुना का जल लगातार प्रदूषित हो रहा है। उन्होंने आमजन से अपील की कि मृत पशु-पक्षियों को नदी में न फेंकें, बल्कि खेतों में उचित तरीके से दफनाएं। नदी को और अधिक प्रदूषण से बचाने हेतु यमुना पुल के दोनों ओर आठ-आठ फीट ऊँची जाली लगाई गई है ताकि पुल से कचरा फेंकने की गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सके। इस चरण के आयोजन में आईआईटी दिल्ली के छात्र ऐश्वर्य सोनी ने भी संस्था की सदस्यता लेकर योगदान दिया।
ये लोग रहे मौजूद
इस सेवा कार्य में सेवानिवृत्त शेखर गुप्ता, तेज बहादुर वर्मा, अनुप बिश्रोई, हर्ष सोनी, देवेंद्र आर्य, अपुर्व गुप्ता, शिवम गुप्ता, सतीश चंद्र, रजन् बाल्मीकि, अजय बाल्मीकि और रामप्रसाद समेत कई सेवाभावी लोग मौजूद रहे।


