Azamgarh News: भीषण सड़क हादसों में एक बच्ची की मौत, रेलवे ट्रैक पर मिला युवक का शव; पुलिस जांच में जुटी

Azamgarh News: जहानागंज थाना क्षेत्र में आजमगढ़-गाजीपुर मार्ग पर भैसही नदी के पास एक कार ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे उस पर सवार सात वर्षीय अनन्या पासवान (पुत्री धर्मराज) की मौके पर ही मौत हो गई।

Shravan Kumar
Published on: 12 July 2025 7:35 PM IST
Azamgarh News: भीषण सड़क हादसों में एक बच्ची की मौत, रेलवे ट्रैक पर मिला युवक का शव; पुलिस जांच में जुटी
X

भीषण सड़क हादसों में एक बच्ची की मौत  (photo: social media )

Azamgarh News: आजमगढ़ जनपद में शनिवार को हुए दो अलग-अलग हादसों में एक सात वर्षीय बच्ची की मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए और एक युवक का क्षत-विक्षत शव रेलवे ट्रैक पर मिला। इन घटनाओं से जिले में शोक की लहर फैल गई है, और पुलिस दोनों मामलों की जांच में जुट गई है।

कार की टक्कर से 7 वर्षीय बच्ची की मौत, 4 घायल

जहानागंज थाना क्षेत्र में आजमगढ़-गाजीपुर मार्ग पर भैसही नदी के पास एक कार ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे उस पर सवार सात वर्षीय अनन्या पासवान (पुत्री धर्मराज) की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में अनन्या की नौ वर्षीय बड़ी बहन शिवांगी सहित चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, तरवां थाना क्षेत्र के जियापुर गाँव निवासी अनन्या और शिवांगी अपनी ननिहाल जहानागंज थाना क्षेत्र के शाहपुर गाँव में नाना शिवचंद के घर आई थीं। शुक्रवार रात करीब आठ बजे अनन्या और शिवांगी अपने मामा सूरज और पिंटू के साथ एक ही बाइक पर जहानागंज बाजार से चाऊमीन खाकर घर लौट रहे थे। भैसही नदी के पास पहुँचते ही सामने से आ रही एक कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे में सभी सवार घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल कोल्हूखोर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने अनन्या को मृत घोषित कर दिया। उसकी बहन शिवांगी की हालत गंभीर होने के कारण उसे निजी अस्पताल रेफर किया गया। अन्य घायल, सूरज और पिंटू, का भी निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार चालक की तलाश शुरू कर दी है। हादसे से मृतका के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

रेलवे ट्रैक पर मिला युवक का क्षत-विक्षत शव, पहचान हुई

जनपद के निजामाबाद थाना क्षेत्र के चकरोवा गाँव के पास एक युवक का क्षत-विक्षत शव रेलवे ट्रैक पर मिला, जिससे हड़कंप मच गया। रेलवे विभाग के अधिकारियों ने फरिहा पुलिस चौकी को इसकी जानकारी दी।

मौके पर पहुँची पुलिस ने शव को देखा और काफी प्रयास के बाद मृतक की पहचान मोहम्मद आवेश (22 वर्ष), पुत्र कयामुद्दीन, निवासी रोवां, थाना रानी की सराय के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, युवक अविवाहित था। वह किन परिस्थितियों में रेलवे ट्रैक पर पहुँचा, इसकी जानकारी परिवार वालों को भी नहीं है और वे इस मामले में अनजान बने हुए हैं।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है और मामले की जाँच शुरू कर दी है। फिलहाल, यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि युवक की मौत दुर्घटना थी या किसी अन्य कारण से हुई। पुलिस सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है।

1 / 6
Your Score0/ 6
Shravan Kumar
ABOUT THE AUTHOR

Shravan Kumar

Experience - 10 Years Print Media

Next Story