TRENDING TAGS :
Azamgarh News: फूंके ट्रांसफार्मर में तार न जोड़े से भड़के लोग, किया प्रदर्शन
Azamgarh News: बूढ़नपुर-मुबारकपुर से मखनहाँ फीडर के जरिए इस क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति की जाती है। गांव में हल्की बारिश और हवा के बाद बिजली फॉल्ट हो गया।
फूंके ट्रांसफार्मर में तार न जोड़े से भड़के लोग (photo: social media )
Azamgarh News: जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली संकट दिनों-दिन गहराता जा रहा है। खासतौर पर सरैया रत्नावे गांव में पिछले 20 दिनों से बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप है। इससे नाराज़ ग्रामीणों ने गांव में ही धरना-प्रदर्शन कर दिया और विद्युत विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
बूढ़नपुर-मुबारकपुर से मखनहाँ फीडर के जरिए इस क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति की जाती है। गांव में हल्की बारिश और हवा के बाद बिजली फॉल्ट हो गया। शिकायत करने पर विद्युत विभाग ने बताया कि ट्रांसफार्मर जल गया है। कई बार गुहार लगाने के बाद एक सप्ताह में नया ट्रांसफार्मर तो लगा दिया गया, लेकिन उससे विद्युत तार नहीं जोड़ा गया।
इस लापरवाही और ढीले रवैये के खिलाफ गांववासियों का गुस्सा फूट पड़ा। प्रदर्शनकारियों में रोशन राय, जुल्फेकार, सगीर अहमद, जब्बार अहमद, ग्राम प्रधान हौसिला प्रसाद सहित कई ग्रामीण शामिल रहे।
ट्रांसफार्मर बार-बार जल जाता है
ग्रामीणों का आरोप है कि विभाग द्वारा दिया गया ट्रांसफार्मर बार-बार जल जाता है और फिर उसे बदलवाने के लिए कर्मचारी घूस मांगते हैं। पर्याप्त धनराशि नहीं देने पर ट्रांसफार्मर नहीं बदला जाता। इससे साफ है कि केवल तकनीकी समस्या नहीं, बल्कि प्रशासनिक लापरवाही और भ्रष्टाचार भी इस संकट की जड़ में है।
गांववालों की मांग है कि विद्युत तारों को तुरंत ट्रांसफार्मर से जोड़ा जाए और बिजली आपूर्ति बहाल की जाए। साथ ही, ट्रांसफार्मर की गुणवत्ता और विभागीय निगरानी में सुधार लाया जाए, जिससे बार-बार बिजली संकट से लोगों को राहत मिल सके।
यह स्थिति केवल सरैया रत्नावे तक सीमित नहीं, बल्कि आज़मगढ़ के कई अन्य ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसी ही समस्याएं बनी हुई हैं, जिससे स्पष्ट है कि बिजली व्यवस्था को लेकर व्यापक सुधार की ज़रूरत है।


