Baghpat News: बागपत में आफत बनी बारिश: सड़कों पर भरा पानी, जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त

Baghpat News: रात से लगातार हो रही मूसलधार बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। शहर से लेकर गांव तक हर ओर पानी ही पानी नजर आ रहा है।

Paras Jain
Published on: 31 July 2025 1:38 PM IST
Baghpat News: बागपत में आफत बनी बारिश: सड़कों पर भरा पानी, जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त
X

Baghpat rain news

Baghpat News: बागपत ज़िले में देर रात से लगातार हो रही मूसलधार बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। शहर से लेकर गांव तक हर ओर पानी ही पानी नजर आ रहा है। तेज बारिश के कारण सड़कों, खेतों और अंडरपासों में जलभराव हो गया है। कई इलाकों में सड़कों ने तालाब का रूप ले लिया है, जिससे यातायात पूरी तरह से बाधित हो गया है।

पुलिस चौकी भी जलमग्न, पुलिसकर्मी परेशान

बड़ौत बाजार स्थित पुलिस चौकी में भी पानी भर गया है, जिससे पुलिसकर्मियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। चौकी की छत से लगातार पानी टपकने के कारण यह साफ हो गया है कि सीलिंग भी अब जर्जर हो चुकी है।

लोहड्डा अंडरपास बना खतरा, वाहन फंसे

सबसे गंभीर स्थिति बड़ौत के लोहड्डा अंडरपास की बनी हुई है, जहां भारी जलभराव के कारण कई वाहन फंस गए हैं। प्रशासन की ओर से क्रेन मंगवाकर फंसे हुए वाहनों को निकालने की कोशिश की जा रही है। हालांकि, अत्यधिक पानी होने के कारण राहत और बचाव कार्यों में भी बाधाएं आ रही हैं।

खड़ी फसलें जलमग्न, किसानों की बढ़ी चिंता

बारिश के कारण खेतों में खड़ी फसलें पानी में डूब गई हैं, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। फसलों को भारी नुकसान होने की आशंका है।

बिजली आपूर्ति ठप, कई इलाकों में अंधेरा

लगातार बारिश के चलते विद्युत आपूर्ति भी ठप हो गई है। देर रात से ही कई क्षेत्रों में बिजली नहीं है। बिजली विभाग के अनुसार ब्रेकडाउन और फाल्ट के कारण आपूर्ति बाधित हुई है, जिसे ठीक करने का कार्य जारी है।

स्थानीय लोग मांग रहे हैं राहत कार्य में तेजी

स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से राहत और बचाव कार्य तेज करने की मांग की है, ताकि जल्द से जल्द जनजीवन सामान्य हो सके। प्रशासन का दावा है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है, लेकिन हालात अभी भी गंभीर हैं।

1 / 8
Your Score0/ 8
Paras Jain
ABOUT THE AUTHOR

Paras Jain

Next Story