TRENDING TAGS :
Balrampur News: बलरामपुर में मुख्यमंत्री आरोग्य मेला, 2404 मरीजों को मिला मुफ्त इलाज
Balrampur News: बलरामपुर जिले के 31 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेलों में 2404 मरीजों को नि:शुल्क चिकित्सा सेवाएं दी गईं।
Balrampur News
Balrampur News: बलरामपुर जनपद के 31 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर रविवार को मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेलों का सफल आयोजन किया गया। इन मेलों का उद्देश्य छुट्टी के दिन भी लोगों को निःशुल्क और सुलभ चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना रहा। इस दौरान ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी बलरामपुर डॉ. बी.पी. सिंह ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बघनी में आयोजित मेले का निरीक्षण किया।
उन्होंने चिकित्सकों व पैरामेडिकल स्टाफ को निर्देशित किया कि किसी भी मरीज को बाहर से दवाएं या जांचें न लिखी जाएं। सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जा रही दवाएं और जांच सुविधाएं मरीजों को स्वास्थ्य केंद्र पर ही मुहैया कराई जानी चाहिए, ताकि किसी पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ न पड़े।रविवार को आयोजित मेलों में कुल 2404 मरीजों का पंजीकरण हुआ और उन्हें उपचार प्रदान किया गया। इनमें 962 पुरुष, 837 महिलाएं और 605 बच्चे शामिल रहे। मरीजों को विभिन्न विभागों के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा परामर्श और उपचार उपलब्ध कराया गया।
स्वास्थ्य मेलों में रक्तचाप एवं मधुमेह की जांच, टीकाकरण, नेत्र परीक्षण, महिला एवं प्रसूति सेवाएं, बाल रोग परामर्श, परिवार नियोजन, पोषण संबंधी जानकारी तथा सामान्य रोगों की जांच और इलाज की सुविधा दी गई।स्थानीय लोगों ने बताया कि इस तरह के स्वास्थ्य मेले उनके लिए बेहद उपयोगी साबित हो रहे हैं। एक ही स्थान पर अलग-अलग बीमारियों की जांच और दवाएं मिलने से न केवल समय की बचत होती है, बल्कि उन्हें आर्थिक राहत भी मिलती है।इस अवसर पर डीपीएम शिवेंद्र मणि त्रिपाठी, जिला लेखा प्रबंधक प्रभात मौर्या सहित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बघनी का संपूर्ण स्वास्थ्य स्टाफ मौजूद रहा और मेले को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग दिया।


