भदोही की फैक्ट्री में सीवेज टैंक में जहरीली गैस से 3 की मौत, योगी ने लिया संज्ञान, अफसरों को निर्देश

Bhadohi Accident: भदोही की सूर्या कार्पेट फैक्ट्री में सीवेज टैंक में जहरीली गैस रिसाव से 3 मजदूरों की मौत और 1 गंभीर। प्रशासन ने जांच शुरू की, फैक्ट्री में हड़कंप।

Harsh Sharma
Published on: 24 Nov 2025 5:05 PM IST (Updated on: 24 Nov 2025 8:51 PM IST)
भदोही की फैक्ट्री में सीवेज टैंक में जहरीली गैस से 3 की मौत, योगी ने लिया संज्ञान, अफसरों को निर्देश
X

Bhadohi Accident: उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में सोमवार, 24 नवंबर 2025 को एक दर्दनाक हादसा हुआ। थाना औराई क्षेत्र के अंतर्गत स्थित सूर्या कार्पेट फैक्ट्री में गैस रिसाव के कारण तीन मजदूरों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना सुबह करीब 10:30 बजे की बताई जा रही है।

योगी ने फैक्ट्री हादसे का संज्ञान लिया

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद भदोही में फैक्ट्री में हुए हादसे का संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री जी ने जिला प्रशासन के आलाधिकारियों को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचने का निर्देश दिए है। मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। दरअसल, औराई क्षेत्र के सूर्या कालीन फैक्ट्री में जहरीली गैस लीक होने से 3 लोगों की मौत हो गई है, जबकि एक मैकेनिक गंभीर रूप से घायल है। मुख्यमंत्री ने घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर जिला प्रशासन के अधिकारियों को उनके समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही घायल के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।

कैसे हुआ हादसा?

सूचना के अनुसार, सूर्या कार्पेट फैक्ट्री में वाशिंग वाटर सीवेज टैंक की सफाई का काम चल रहा था। इसी दौरान टैंक में लगी मोटर की रिपेयरिंग भी की जा रही थी। इसी प्रक्रिया के बीच अचानक एक वर्कर सीवेज टैंक में फिसलकर नीचे गिर गया। उसे बचाने के लिए तुरंत तीन अन्य मजदूर भी नीचे उतर गए। लेकिन टैंक के अंदर जहरीली गैस का रिसाव हो रहा था। जैसे ही ये चारों लोग टैंक के भीतर पहुंचे, गैस की तीव्रता के कारण उनका दम घुटने लगा। कुछ ही मिनटों में तीन मजदूरों ने वहीं पर दम तोड़ दिया। चौथे मजदूर को गंभीर हालत में सूर्या अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक उसकी स्थिति इस समय स्थिर है, लेकिन लगातार निगरानी में रखा गया है।

प्रशासन मौके पर पहुंचा, निरीक्षण जारी

घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी शैलेश कुमार और पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और फैक्ट्री प्रबंधन से पूरे मामले की जानकारी ली। अधिकारियों ने स्थानीय पुलिस को निर्देश दिया कि घटना की जांच तत्काल शुरू की जाए और किसी भी तरह की लापरवाही सामने आने पर कड़ी कार्रवाई की जाए। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। परिजनों द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर थाना औराई में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। पुलिस टीम फैक्ट्री परिसर में मौजूद कर्मचारियों और प्रबंधन से पूछताछ कर रही है, ताकि गैस रिसाव की असली वजह सामने आ सके।

फैक्ट्री में अफरा-तफरी का माहौल

हादसे के बाद सूर्या कार्पेट फैक्ट्री में अफरा-तफरी मच गई। जैसे ही कर्मचारियों को पता चला कि सीवेज टैंक में गिरने वाले मजदूरों का दम घुटने लगा है, वहां मौजूद लोगों ने तुरंत मदद करने की कोशिश की। लेकिन गैस का स्तर इतना अधिक था कि कोई भी टैंक के पास नहीं जा पा रहा था। स्थानीय पुलिस और राहत टीमों ने मौके पर पहुंचकर टैंक को पूरी तरह सील करवाया और सुरक्षा के सभी इंतज़ाम किए। फैक्ट्री के आसपास भारी संख्या में पुलिसबल तैनात किया गया है, ताकि भीड़ को नियंत्रित किया जा सके और जांच में किसी भी तरह की बाधा न आए।

जिला प्रशासन ने जताया दुख

जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त बयान जारी करते हुए इस घटना को दुखद और गंभीर बताया है। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच में यह मामला सुरक्षा मानकों के पालन न किए जाने जैसा प्रतीत होता है, लेकिन अंतिम निर्णय जांच रिपोर्ट आने के बाद ही किया जाएगा।

1 / 6
Your Score0/ 6
Harsh Sharma
ABOUT THE AUTHOR

Harsh Sharma

Harsh Sharma is a Content Writer at Newstrack.com.

Next Story