Bulandshahr News: जेल की सुरक्षा में सेंध: ड्रोन वीडियो वायरल करने वाला गिरफ्तार

Bulandshahr News: एसपी सिटी शंकर प्रसाद ने बताया कि रील बाज युवक भूपेंद्र को कारागार अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है।

Sandeep Tayal
Published on: 19 July 2025 8:19 PM IST
X

Bulandshahr News: जिला जेल की सुरक्षा व्यवस्था में एक युवक ने ड्रोन कैमरे से सेंध लगाने का दुस्साहस किया है। इस "रील बाज" युवक ने जेल के ऊपर से न केवल वीडियो बनाई, बल्कि उसमें गुंडई भरा गाना वॉयस ओवर में लगाकर सोशल मीडिया पर वायरल भी कर दिया। इस घटना के बाद, एसपी सिटी शंकर प्रसाद ने बताया कि रील बाज युवक भूपेंद्र को कारागार अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है।

इस घटना ने बुलंदशहर जिला जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिला जेल एक हाई-सिक्योरिटी जोन में आती है, लेकिन इस रील बाज युवक ने जेल की सुरक्षा को धता बताते हुए ड्रोन उड़ाया और उसका वीडियो शूट कर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। यह घटना न केवल जेल प्रशासन की घोर लापरवाही को उजागर करती है, बल्कि यह भी सवाल उठाती है कि आखिर अति संवेदनशील श्रेणी में शामिल इस क्षेत्र में सुरक्षा मानकों का पालन क्यों नहीं किया जा रहा है। लोगों का सवाल है कि जब जेल परिसर के ऊपर ड्रोन उड़ रहा था, तो जेल के सुरक्षाकर्मी कहां सो रहे थे।

दरअसल, सोशल मीडिया पर फेमस होने और अधिक लाइक पाने के चक्कर में कई "रील बाज" ऐसे वीडियो बना और वायरल कर रहे हैं, जो पूरी तरह से गैरकानूनी हैं, जिसके कारण उन्हें जेल भी जाना पड़ रहा है। इस वर्ष जनपद में लगभग एक दर्जन से अधिक टीन एजर्स रीलबाज गिरफ्तार किए जा चुके हैं। हालांकि, एसएसपी दिनेश कुमार सिंह लगातार युवाओं और उनके अभिभावकों से अपने रीलबाज बच्चों पर नियंत्रण रखने की अपील कर रहे हैं। इस वायरल वीडियो को "खुर्जा माय सिटी-माय प्राइड" नामक एक फेसबुक पेज पर पोस्ट किया गया था, जिससे यह तेजी से फैला। एसपी सिटी शंकर प्रसाद ने बताया कि गिरफ्तार युवक की पहचान भूपेन्द्र सिंह पुत्र महीपाल सिंह निवासी ग्राम बहलीमपुर थाना कोतवाली देहात, जिला बुलंदशहर के रूप में हुई है।

1 / 4
Your Score0/ 4
Sandeep Tayal
ABOUT THE AUTHOR

Sandeep Tayal

Next Story