Chandauli News:चंदौली पुलिस ने पकड़ी 7 लाख की अफीम, एक तस्कर गिरफ्तार

Chandauli News: चंदौली में 7 लाख की अफीम जब्त, झारखंड का तस्कर रोशन कुमार गिरफ्तार।

Sunil Kumar
Published on: 31 Aug 2025 3:34 PM IST
Chandauli News:चंदौली पुलिस ने पकड़ी 7 लाख की अफीम, एक तस्कर गिरफ्तार
X

Chandauli News

Chandauli News:चंदौली पुलिस को मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने 7 लाख रुपये की 2.300 किलोग्राम अफीम के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान का हिस्सा है। गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान झारखंड के चतरा जिले के रहने वाले रौशन कुमार दांगी (उम्र 25) के रूप में हुई है।

कैसे हुई गिरफ्तारी?

रविवार, 31 अगस्त 2025 की रात को पुलिस टीम गश्त कर रही थी। उसी दौरान एक गुप्त सूचना मिली कि एक व्यक्ति बिहार से अफीम लेकर चंदौली और वाराणसी में सप्लाई करता है। बताया गया कि वह व्यक्ति ट्रेन से आकर मझवार रेलवे स्टेशन के सामने किसी साधन का इंतजार कर रहा है।सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत सक्रिय हो गई। टीम ने मझवार रेलवे स्टेशन के पास से रौशन कुमार दांगी को एक नीले रंग के बैग के साथ धर दबोचा। जब पुलिस ने उसके बैग की तलाशी ली, तो उसमें से आटे जैसा भूरे रंग का पदार्थ मिला, जिसकी गंध अफीम जैसी थी।

पूछताछ में हुआ खुलासा

पुलिस की पूछताछ में आरोपी रौशन ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि उसके बैग में अफीम है। उसने यह भी बताया कि यह माल उसे झारखंड के बरकाकाना रेलवे स्टेशन के पास एक व्यक्ति देता है और वह इसे वाराणसी में कैंट स्टेशन के पास एक और व्यक्ति को देता है।रौशन ने बताया कि माल देने वाला व्यक्ति इंस्टाग्राम के माध्यम से उसकी और उसके बैग की फोटो वाराणसी वाले व्यक्ति को भेज देता है, जिससे उसकी पहचान हो जाती है। आरोपी ने यह भी कबूल किया कि वह पहले भी दो बार इस तरह की तस्करी कर चुका है।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

इस मामले में पुलिस ने आरोपी रौशन के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम 1985 की धारा 8/18 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। इस पूरी कार्रवाई में कोतवाली चंदौली के प्रभारी संजय कुमार सिंह, सब-इंस्पेक्टर देवेंद्र बहादुर सिंह और कन्हैया मौर्य के साथ हेड कांस्टेबल धीरेंद्र यादव और विजय कुमार गौड़ शामिल थे।

1 / 8
Your Score0/ 8
Sunil Kumar
ABOUT THE AUTHOR

Sunil Kumar

Next Story