Chandauli News: संदिग्ध परिस्थितियों में बाघी गांव में मजदूर की मौत, परिवार में कोहराम

Chandauli News: अशोक की मौत की खबर आसपास के लोगों को तब लगी जब उन्होंने घर में कोई हलचल नहीं देखी। कुछ लोग शराब पीने से मौत की आशंका जता रहे हैं।

Sunil Kumar
Published on: 19 May 2025 8:01 AM IST
Chandauli News
X

Chandauli News

Chandauli News: उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले के नौगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत बाघी में रविवार को देर रात एक 40 वर्षीय व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान अशोक गोंड के रूप में हुई है, जो मेहनत-मजदूरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। घटना के समय वह घर पर अकेला था।

जानकारी के अनुसार, अशोक की पत्नी सोनी गोड़ अपने तीन नाबालिग बच्चों, जिनमें एक दिव्यांग बालक भी शामिल है, के साथ सिकंदरपुर स्थित अपने मायके गई हुई थीं। घर पर अशोक अकेले थे, और इसी दौरान उनकी मृत्यु हो गई।अशोक की मौत की खबर आसपास के लोगों को तब लगी जब उन्होंने घर में कोई हलचल नहीं देखी। कुछ लोग शराब पीने से मौत की आशंका जता रहे हैं, वहीं कुछ भीषण गर्मी को कारण बता रहे हैं। हालांकि, मौत का वास्तविक कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है।

प्रधान प्रतिनिधि ने दी पुलिस को सूचना

ग्रामीणों ने तत्काल नौगढ़ बाघी के प्रधान प्रतिनिधि दीपक गुप्ता और संदीप यादव को सूचित किया। उन्होंने बिना देरी किए 108 एंबुलेंस को फोन किया और मौके पर बुलाया। एंबुलेंस से अशोक को नौगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सीएचसी में अकेला पड़ा रहा शव

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और मामले की छानबीन शुरू कर दी है। हालांकि, खबर लिखे जाने तक मृतक अशोक का शव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगढ़ में अकेला ही पड़ा हुआ था, क्योंकि पुलिस परिजनों के आने का इंतजार कर रही थी।

परिवार में मचा कोहराम

अशोक गोंड एक गरीब मजदूर थे, जो प्रतिदिन मेहनत करके अपने परिवार के लिए दो वक्त की रोटी का इंतजाम करते थे। उनकी मौत की खबर से पूरे गांव में सन्नाटा पसर गया है। पत्नी और बच्चों को जैसे ही इस दुखद घटना की सूचना मिली, वे दहाड़ मारकर रोने लगे। पुलिस अब परिजनों के आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।

1 / 4
Your Score0/ 4
Sunil Kumar
ABOUT THE AUTHOR

Sunil Kumar

Next Story