TRENDING TAGS :
Chandauli News: अशोक इंटर कॉलेज में बड़ा भ्रष्टाचार उजागर, प्रबंधन समिति निलंबित,DIOS बनाए गए नियंत्रक
Chandauli News: शासन ने कार्रवाई करते हुए चंदौली के जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) देवेंद्र कुमार सिंह को कॉलेज का कार्यवाहक नियंत्रक नियुक्त किया।
Chandauli News
Chandauli News: चंदौली जनपद के बबुरी स्थित अशोक इंटर कॉलेज में व्यापक भ्रष्टाचार और अनियमितता का खुलासा हुआ है। शासन स्तर पर कराई गई जांच में विद्यालय की भूमि में हेराफेरी, वित्तीय गड़बड़ी और प्रबंधन की लापरवाही के गंभीर मामले सामने आए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए शासन ने 16 D के तहत कॉलेज की प्रबंधन समिति को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
इस पूरे प्रकरण की शुरुआत स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और कॉलेज के पूर्व प्रबंधक के नाती विमल कुमार सिंह द्वारा शासन को भेजे गए एक पत्र से हुई। उन्होंने विद्यालय में चल रहे भ्रष्टाचार, भूमि संबंधी अनियमितताओं और शैक्षिक गिरावट की शिकायत करते हुए जांच की मांग की थी। शासन ने पत्र का संज्ञान लेते हुए जांच कराई, जिसमें कई चौंकाने वाले तथ्य उजागर हुए।
जांच में सामने आया कि निवर्तमान प्रबंधक, कॉलेज के प्रधानाचार्य और बाबू – तीनों आपस में रिश्तेदार हैं। इन पर आरोप है कि इन्होंने मिलकर वर्षों तक कॉलेज को भ्रष्टाचार के जरिये आर्थिक रूप से कमजोर कर दिया। कॉलेज की जमीन की बंदरबांट और वित्तीय अनियमितताओ की पुष्टि जांच रिपोर्ट में की गई।
शासन ने कार्रवाई करते हुए चंदौली के जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) देवेंद्र कुमार सिंह को कॉलेज का कार्यवाहक नियंत्रक नियुक्त किया। उन्होंने पदभार संभालते ही प्रधानाचार्य से विद्यालय की संपत्ति, वित्तीय विवरण और अन्य जरूरी दस्तावेजों की मांग की। लेकिन प्रधानाचार्य दस्तावेज देने में आनाकानी करने लगे, जिससे उनकी भूमिका और भी संदिग्ध हो गई।इस पर जिला विद्यालय निरीक्षक ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि दस्तावेजों में गड़बड़ी या जानकारी छिपाने की कोशिश की गई तो संबंधित जिम्मेदारों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


