Chitrakoot News: स्कूल प्रबंधक पर बच्चों की बेरहमी से पिटाई का आरोप, दो की हालत गंभीर

Chitrakoot News: करही स्थित सुंदर सिंह जवाहर सिंह पटेल महाविद्यालय के प्रबंधक रजनीश पटेल पर छात्रों ने गंभीर आरोप लगाया है। छात्रों के परिवारों ने मऊ कोतवाली में तहरीर दी, पुलिस से कार्रवाई की मांग की गई है।

Sunil Shukla (Chitrakoot)
Published on: 16 Nov 2025 3:43 PM IST (Updated on: 16 Nov 2025 3:45 PM IST)
Chitrakoot News: स्कूल प्रबंधक पर बच्चों की बेरहमी से पिटाई का आरोप, दो की हालत गंभीर
X

Chitrakoot News: मऊ तहसील क्षेत्र के लालता रोड स्थित सुंदर सिंह जवाहर सिंह पटेल महाविद्यालय करही में पढ़ने वाले सात छात्रों ने विद्यालय के प्रबंधक रजनीश पटेल पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि सात पानी पीने गए बच्चों को बुलाकर उनकी बेरहमी से पिटाई की गई। इस मारपीट में दो छात्रों को गंभीर चोटें आई हैं, जिनमें दो की हालत नाजुक बताई जा रही है।

पीड़ित छात्रों में दिलीप कुमार पुत्र राम मंगल निवासी बरिया और भगवान दीन पुत्र मास्टर को सबसे ज्यादा चोटें आई हैं। परिवारजनों के अनुसार दिलीप की गर्दन में गंभीर चोट लगी है, जिससे सूजन बढ़ गई है। उसे हालत बिगड़ने पर इलाज के लिए इलाहाबाद भेजा गया। परिवार ने बताया कि दिलीप भोजन भी नहीं कर पा रहा है, जिससे उसकी स्थिति और चिंताजनक हो गई है।

घटना के बाद मीडिया टीम विद्यालय पहुंची तो सात में से पांच बच्चों ने कैमरे पर आने से इनकार कर दिया। परिजनों ने कहा कि प्रबंधक के दबाव तथा विद्यालय प्रशासन के डर के कारण छात्र खुलकर सामने नहीं आ पा रहे हैं। परिवारजन ने कहा कि स्कूल में बच्चों के साथ मारपीट होना कोई पहली घटना नहीं है। शिकायत करने पर बच्चों का नाम काटने की धमकी दी जाती है,

जिसके कारण अधिकांश अभिभावक चुप रह जाते हैं। घटना के संबंध में विद्यालय के प्रधानाचार्य से जानकारी लेने का प्रयास किया गया तो उन्होंने किसी भी प्रकार की प्रतिक्रिया देने से इनकार कर दिया। वहीं इस पूरी घटना से आक्रोशित पीड़ित परिवार मऊ कोतवाली पहुंचे, उन्होंने लिखित तहरीर देते हुए मामले की जांच कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

इस मामले पर एसपी चित्रकूट अरुण कुमार सिंह ने बताया कि सुंदर सिंह इंटर कॉलेज में मारपीट से संबंधित शिकायत उनके संज्ञान में आई है। उन्होंने प्रभारी निरीक्षक मऊ को उचित जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। पीड़ित पक्ष ने कहा कि स्कूल में पढ़ाई और अनुशासन के नाम पर बच्चों के साथ अत्याचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

1 / 5
Your Score0/ 5
Next Story