Lucknow News: पूर्व पीएम राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा, कांग्रेस नेताओं ने गिनाए उनके ऐतिहासिक योगदान

पूर्व मंत्री अजय राय ने कहा कि राजीव गांधी का मानना था कि युवाओं को समानता, न्याय, बंधुत्व और स्वतंत्रता के सिद्धांतों पर आधारित समाज की स्थापना के लिए शिक्षित और कौशलयुक्त बनाना जरूरी है।

Virat Sharma
Published on: 21 May 2025 6:23 PM IST
Lucknow News
X

Lucknow News: Photo-News Track

Lucknow Today News: कंप्यूटर क्रांति के जनक और भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की पुण्यतिथि के अवसर पर बुधवार लखनऊ स्थित कालिदास चौराहे पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष और पूर्व मंत्री अजय राय ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि राजीव गांधी ने युवाओं में अपार विश्वास दिखाते हुए लोकतंत्र को मजबूत किया और मतदान की उम्र 21 से घटाकर 18 वर्ष करने जैसा ऐतिहासिक निर्णय लिया।

पूर्व पीएम स्व राजीव गांधी की दूरदर्शिता को किया याद

पूर्व मंत्री अजय राय ने कहा कि राजीव गांधी का मानना था कि युवाओं को समानता, न्याय, बंधुत्व और स्वतंत्रता के सिद्धांतों पर आधारित समाज की स्थापना के लिए शिक्षित और कौशलयुक्त बनाना जरूरी है। उन्होंने पंचायती राज संस्थाओं को सशक्त बनाने का बीड़ा उठाया और उनके प्रयासों से 1992 में संविधान का 73वां संशोधन संभव हो सका, जिससे गांवों और शहरों में स्थानीय स्वशासन को मजबूती मिली। राजीव गांधी की दूरदर्शिता को याद करते हुए उन्होंने कहा कि उनके नेतृत्व में भारत ने तकनीकी क्रांति की शुरुआत की, जिसने देश को नए युग में प्रवेश दिलाया। उन्होंने कहा कि जब तक भारत में लोकतंत्र जीवित रहेगा, राजीव गांधी को याद किया जाता रहेगा।

राजीव गांधी केवल नेता नहीं, बदलाव की प्रतीक: प्रमोद तिवारी

इस मौके पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी ने कहा कि राजीव गांधी केवल नेता नहीं, बदलाव की प्रतीक थे। उन्होंने अपने अल्प कार्यकाल (1984–89) में टेलीकॉम क्रांति, कंप्यूटर युग की शुरुआत, नवोदय विद्यालयों की स्थापना, पंचायती राज और युवाओं को मतदान का अधिकार जैसे पांच ऐतिहासिक निर्णय लेकर भारत को प्रगति के पथ पर अग्रसर किया।

सभा में मौजूद अन्य कांग्रेस नेता आराधना मिश्रा मोना, पूर्व मंत्री राजबहादुर, पूर्व विधायक सतीश अजमानी, डॉ. सतीश राय, श्याम किशोर शुक्ला व सुभाष श्रीवास्तव ने भी राजीव गांधी के जीवन, विचारों और उनके कार्यों पर प्रकाश डालते हुए उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि दी।

1 / 7
Your Score0/ 7
Virat Sharma
ABOUT THE AUTHOR

Virat Sharma

Virat Sharma is a former Reporter at Newstrack.com.

Next Story