Etawah News: इटावा में कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच हुई झड़प के बाद सियासी बवाल थमने का नाम

अजय राय ने आरोप लगाया कि भाजपा के दबाव में आकर प्रशासन कांग्रेस को दबाने की कोशिश कर रहा है।

Ashraf Ansari
Published on: 4 Sept 2025 3:41 PM IST
Etawah News: इटावा में कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच हुई झड़प के बाद सियासी बवाल थमने का नाम
X

Etawah News: इटावा में कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच हुई झड़प के बाद सियासी बवाल थमने का नाम नहीं ले रहा है। एक सितंबर को हुए विवाद के बाद कांग्रेस के कई नेताओं और कार्यकर्ताओं पर मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया, जिसके विरोध में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय शनिवार को सैकड़ों कार्यकर्ताओं संग इटावा सेंट्रल जेल पहुंचे। हालांकि जेल प्रशासन ने उन्हें अंदर जाने की अनुमति नहीं दी। इससे नाराज होकर अजय राय कार्यकर्ताओं के साथ जेल गेट पर ही धरने पर बैठ गए और सरकार व प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

अजय राय ने आरोप लगाया कि भाजपा के दबाव में आकर प्रशासन कांग्रेस को दबाने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता कांग्रेस कार्यालयों पर हमला और तोड़फोड़ कर रहे हैं, लेकिन जब कांग्रेस कार्यकर्ता विरोध करते हैं तो उन्हें फर्जी मुकदमों में जेल भेज दिया जाता है। राय ने चेतावनी दी कि आने वाले समय में इसके गंभीर परिणाम भुगतने पड़ेंगे।

गौरतलब है कि एक सितंबर को भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस कार्यालय पर प्रदर्शन किया था, जिसमें विधायक सरिता भदौरिया भी मौजूद थीं। इसी दौरान नारेबाजी और पथराव हुआ, जिसके बाद दोनों दलों में तीखी झड़प हो गई। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विधायक पर हमला किया, जिसके बाद एफआईआर दर्ज कर जिला अध्यक्ष आशुतोष दीक्षित, नगर अध्यक्ष राशिद खान, पूर्व जिला अध्यक्ष मलकान सिंह समेत नौ नेताओं को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।

अजय राय ने कहा कि जेल कांग्रेसियों के लिए कोई नई बात नहीं है। महात्मा गांधी के समय से कांग्रेस अन्याय और तानाशाही के खिलाफ लड़ती आई है और आगे भी लड़ती रहेगी। उन्होंने प्रशासन पर पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाने का आरोप लगाया और कहा कि अफसर सत्ता के चापलूस बनकर काम कर रहे हैं।

केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए अजय राय ने कहा कि वोट चोरी का मुद्दा सरकार के माथे पर चिपक गया है, इसलिए जनता का ध्यान भटकाने के लिए जीएसटी स्लैब में कटौती का दिखावा किया जा रहा है, जबकि इससे आम जनता को कोई लाभ नहीं मिलने वाला। उन्होंने प्रधानमंत्री पर विदेश दौरों में व्यस्त रहने का तंज कसा और कहा कि जनता सब देख रही है और समय आने पर हिसाब लेगी।

1 / 7
Your Score0/ 7
Ashraf Ansari
ABOUT THE AUTHOR

Ashraf Ansari

Next Story