TRENDING TAGS :
Etawah News: फसल काटने जा रहे किसान की ट्रेन से कटकर मौत, परिवार में कोहराम
Etawah News: किसान को ट्रैक पार करना उस समय महंगा पड़ गया जब वह एक तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
फसल काटने जा रहे किसान की ट्रेन से कटकर मौत (photo: social media )
Etawah News: भरथना थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक किसान की ट्रेन की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना की जानकारी परिवार के लोगों को हुई तो पूरे घर में मातम छा गया और कोहराम मच गया।
यह दुःखद घटना इटावा में दिल्ली-हावड़ा रेलवे ट्रैक पर हुई। किसान को ट्रैक पार करना उस समय महंगा पड़ गया जब वह एक तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल में जुट गई।
घटना भरथना थाना क्षेत्र में दिल्ली-हावड़ा रेलवे ट्रैक के पास की है। दिसंबर कॉलोनी में रहने वाले 38 वर्षीय सुमित उर्फ चंदन खेती-बाड़ी का काम करते थे। वे रोजाना रेलवे ट्रैक पार कर अपने खेत पर जाया करते थे। शनिवार को सुमित रोजाना की तरह अपने खेत पर रेलवे ट्रैक पार करके जा रहे थे, तभी ओवर संख्या 11/36 के पास ट्रेन की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी आसपास के लोगों को हुई तो उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचित किया।
पालक की फसल काटने के लिए जा रहा था किसान
सुमित शाक्य के परिवार के लोगों ने बताया कि वह रोजाना खेत पर जाया करता था और आज पालक की फसल काटने के लिए जा रहा था, जिसे बाद में उसे बाजार में बेचना था। लेकिन दुर्भाग्यवश ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। किसान की मौत से परिवार के लोग गहरे सदमे में हैं। इस मामले में पुलिस द्वारा जानकारी दी गई है कि एक व्यक्ति की ट्रेन की चपेट में आने की सूचना मिली थी, जिसके बाद मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया गया है और आगे की कार्यवाही की जा रही है।


