TRENDING TAGS :
इटावा में पुलिस मुठभेड़, फायरिंग पथराव में शामिल अभियुक्त गिरफ्तार
Etawah News: इटावा मुठभेड़ में फायरिंग-पथराव का आरोपी प्रशांत यादव गिरफ्तार
Etawah Encounter
Etawah News: इटावा जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना फ्रेंड्स कॉलोनी पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए फायरिंग एवं पथराव की घटना में शामिल एक शातिर अभियुक्त को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए अभियुक्त की पहचान प्रशांत यादव उर्फ भूरा पुत्र चरन सिंह निवासी गुलाबपुरा थाना बसरेहर, जनपद इटावा के रूप में हुई है। गिरफ्तारी के दौरान उसके कब्जे से 01 तमंचा 32 बोर, एक जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए गए।
पुलिस के अनुसार, थाना फ्रेंड्स कॉलोनी क्षेत्र में 28 अगस्त को दो पक्षों में हुए पथराव और फायरिंग का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इस मामले में थाना फ्रेंड्स कॉलोनी में मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के बाद से ही पुलिस आरोपियों की तलाश में थी। गुरुवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने ईटगांव रेलवे लाइन के पास चेकिंग शुरू की। इसी दौरान प्रशांत यादव उर्फ भूरा वहां पहुंचा। पुलिस को देखते ही उसने टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें एक गोली उसके दाहिने पैर में लगी। घायल अवस्था में उसे दबोच लिया गया और इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वायरल वीडियो में दिख रही फायरिंग और पथराव की घटना में वह भी शामिल था। साथ ही, उसके पास से बरामद हथियार घटना में प्रयुक्त होना पाया गया। प्रशांत यादव का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उस पर पूर्व में मारपीट, धमकी और अन्य धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई की जानकारी देते हुए अधिकारियों ने बताया कि जिले में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।


