TRENDING TAGS :
Ghaziabad News: गाजियाबाद के कबाड़ गोदाम में गैस सिलेंडर काटने पर रिसाव, 7 की तबीयत बिगड़ी
Ghaziabad News: गाजियाबाद में कबाड़ के गोदाम में गैस सिलेंडर काटने के समय रिसाव हुआ, जिससे सात लोगों की हालत बिगड़ गई।
Ghaziabad News
Ghaziabad News: गाजियाबाद के हिंडन विहार में एक बड़ी दुर्घटना हो गई। आज, बुधवार को यहां कबाड़ के गोदाम में गैस सिलेंडर काटने के समय रिसाव हुआ, जिससे मौके पर मौजूद कामगार और आस पास के लोग रिसाव की चपेट में आ गए। सिलेंडर से निकली गैस के कारण सात लोगों की हालत बिगड़ गई। इस घटना की जानकारी मिलते ही दमकल और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचा।
अचानक हुआ ये हादसा
जानकारी के अनुसार, ये मामला आज 13 अगस्त यानी बुधवार सुबह का है। बताया जा रहा है कि कबाड़ के गोदाम में सिलेंडर की कटिंग की जा रही थी, तभी अचानक इसमे से जहरीली गैस रिसना शुरू हो गयी। तबीयत बिगड़ने के बाद पीड़ितों को लेकर परिवार वाले अस्पताल भागे। दो पीड़ितों को नंदग्राम इलाके के मरियम अस्पताल और कुछ अन्य को संयुक्त जिला अस्पताल MMG में तत्काल भर्ती कराया गया है। फिलहाल पीड़ितों की हालत बेहतर बताई जा रही है।
तत्काल पीड़ितों को अस्पताल में भर्ती कराया गया
जानकारी में सामने आया कि उस वक़्त जैसे ही उन्हें गैस का एहसास हुआ, वो तत्काल ही अपने बच्चों को लेकर अस्पताल की ओर भागीं। उनके पूरे घर में गैस फैल गई। अस्पताल में भर्ती चांद मोहम्मद नामक पीड़ित ने बताया कि सुबह वह अपने घर के बाहर ही थे, तभी जहरीली गैस के कारण उनकी आंखों के सामने ही आसपास मौजूद लोग बेहोश होना शुरू हो गए।
एक पीड़ित ने इस घटना के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि हिंडन विहार में श्याम धर्म कांटे के पास हाजी सलीम का कबाड़ का गोदाम मौजूद है। आज सुबह वहां अचानक से जहरीली गैस रिसने लगी, जिससे आसपास के लोग बेहोश होकर गिरने लगे। फिलहाल अस्पताल में कई लोग भर्ती हैं। हमारे इलाके में अधिकतर गोदाम किराए के हैं, जहां इस प्रकार की जहरीली गैस के सिलेंडर को रखा जाता है। ये लोग तो गोदाम बंद करके अपने-अपने घर चले जाते हैं, लेकिन बाद में जब कोई हादसा होता है, या गैस रिसती है, तो स्थानीय लोगों पर इसी तरह का संकट आ पड़ता है।


