Gorakhpur News: टूटी अधिकारियों की नींद, सोमवार को हो जाएगा पंखुड़ी का दाखिला

Gorakhpur News: पंखुड़ी के पिता राजीव त्रिपाठी ने कहा है कि उन्हें महाराज जी (सीएम योगी) पर पूरा भरोसा है और बिटिया की पढ़ाई निर्बाध कराने के लिए वह उनके प्रति सदैव आभारी रहेंगे।

Purnima Srivastava
Published on: 6 July 2025 4:22 PM IST
Gorakhpur News: टूटी अधिकारियों की नींद, सोमवार को हो जाएगा पंखुड़ी का दाखिला
X

टूटी अधिकारियों की नींद, सोमवार को हो जाएगा पंखुड़ी का दाखिला   (photo: social media )

Gorakhpur News: आर्थिक रूप से कमजोर परिवार की बिटिया पंखुड़ी त्रिपाठी की पढ़ाई नहीं रुकेगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश के बाद प्रशासन व शिक्षा विभाग ने स्कूल प्रबंधन से वार्ता कर ली है। जिला विद्यालय निरीक्षक के मुताबिक सोमवार को पंखुड़ी का स्कूल में दाखिला हो जाएगा। इस बीच पंखुड़ी के पिता राजीव त्रिपाठी ने कहा है कि उन्हें महाराज जी (सीएम योगी) पर पूरा भरोसा है और बिटिया की पढ़ाई निर्बाध कराने के लिए वह उनके प्रति सदैव आभारी रहेंगे।

बता दें कि न्यूजट्रैक ने सीएम योगी आदित्यनाथ के भरोसे के बाद भी स्कूल प्रबंधन द्वारा फीस माफी नहीं करने का मामला प्रमुखता से उठाया था। जिसके बाद बेसिक शिक्षा विभाग के साथ प्रशासन के अधिकारी सक्रिय हुए। अब परिवार को जानकारी दी गई है कि पंखुड़ी का फीस माफ कर सोमवार को प्रवेश हो जाएगा। बता दें कि मामले को लेकर राजनीति भी शुरू हो गई थी। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने प्रकरण पर सीएम योगी को घेरा था। पुरदिलपुर निवासी पंखुड़ी त्रिपाठी ने एक जुलाई को गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर उन्हें अपनी परेशानी बताई थी। कक्षा सात में पक्की बाग के एक इंग्लिश मीडियम स्कूल में दाखिला कराने की गुहार लगाते हुए पंखुड़ी ने कहा था, “महाराज जी, मैं पढ़ना चाहती हूं, फीस माफ करवा दीजिए या फीस का इतंजाम करा दीजिए।” उसने बताया कि उसी स्कूल से वह कक्षा छह पास की है। पर, पिता राजीव त्रिपाठी के दिव्यांग हो जाने से परिवार आर्थिक रूप से काफी कमजोर हो गया है। मां मीनाक्षी एक शॉप पर नौकरी कर रही हैं। उसके अलावा कक्षा 12 में पढ़ने वाला भाई भी है। पंखुड़ी ने बताया कि फीस न जमा कर पाने के कारण कक्षा सात में एडमिशन नहीं हो पा रहा है। इस पर सीएम योगी ने उसे भरोसा दिया था कि उसकी पढ़ाई नहीं रुकने पाएगी। इसे लेकर उन्होंने अफसरों को इंतजाम करने को निर्देशित किया था और पंखुड़ी की ख्वाहिश पर उसके साथ फोटो भी खिंचवाई थी।

सोमवार को होगा प्रवेश

अब सोमवार (7 जुलाई को) पंखुड़ी का दाखिला हो जाएगा। इसे लेकर जिला विद्यालय निरीक्षक अमरकांत सिंह ने पंखुड़ी के पिता से बात की है। उन्होंने बताया है कि स्कूल प्रबंधन से बात हो गई है और सोमवार को एडमिशन हो जाएगा। जिला विद्यालय निरीक्षक से बात होने के बाद पंखुड़ी के पिता राजीव त्रिपाठी ने शासन-प्रशासन के सहयोग पर सन्तुष्टि जताते हुए कहा कि उन्हें मुख्यमंत्री जी पर पूरा भरोसा है। उनका परिवार इस मदद के लिए आजीवन आभारी रहेगा।

1 / 6
Your Score0/ 6
Purnima Srivastava
ABOUT THE AUTHOR

Purnima Srivastava

Next Story