TRENDING TAGS :
Hapur News: बुजुर्ग से 35 लाख रुपये की ठगी, तगादे पर मिली हत्या की धमकी
Hapur News: शिकायती पत्र में किसान त्रिलोकचंद ने बताया कि कुछ दिन पहले उन्होंने अपनी जमीन का सौदा गांव धनौरा के एक व्यक्ति के साथ तय किया था।
Hapur News
Hapur News: थाना देहात क्षेत्र के गांव ददायरा में एक 80 वर्षीय बुजुर्ग किसान त्रिलोकचंद के साथ 35 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। त्रिलोकचंद ने अपनी कृषि भूमि का एग्रीमेंट गांव धनौरा के एक व्यक्ति के साथ किया था, लेकिन बिचौलिया ने उनके साथ विश्वासघात कर ठगी को अंजाम दिया है। रुपये लौटाने से इंकार करते हुए अारोपित ने किसान को मौत के घाट उतारने की धमकी दी है। पीड़ित ने एसपी से शिकायत कर न्याय की मांग की है।
शिकायती पत्र में किसान त्रिलोकचंद ने बताया कि कुछ दिन पहले उन्होंने अपनी जमीन का सौदा गांव धनौरा के एक व्यक्ति के साथ तय किया था। जिसमें खरीदार ने उनके खाते में दस लाख रुपये ट्रांसफर किए और 35 लाख रुपये नकद दिए थे। 35 लाख रुपये जमीन का सौदा तय कराने वाले बिचौलिया ने अपने पास रख लिए। आरोपित ने बुजुर्ग को भरोसा दिलाया कि उनके रुपये सुरक्षित हैं। बार-बार मांगने के बावजूद बिचौलिया ने रुपये लौटाने से इंकार कर दिया। मामले की शिकायत त्रिलोकचंद ने जिलाधिकारी से की, जिसके बाद थाना देहात के दारोगा ने आरोपित को थाने बुलाया।
वहां आरोपित ने अपनी गलती स्वीकार की और रुपये लौटाने का वादा किया, लेकिन बाद में उसने पैसे देने से मना कर दिया। इतना ही नहीं, जब त्रिलोकचंद ने अपने पैसे मांगे, तो आरोपित ने उनके साथ गाली-गलौज की और हत्या की धमकी तक दे डाली। ऐसे में किसान की जान को खतरा बना हुआ है।
पुलिस ने शुरू की जांच
इस गंभीर मामले पर एसपी ज्ञानंजय सिंह ने त्वरित संज्ञान लिया है। उन्होंने बताया कि थाना देहात पुलिस को मामले की गहन जांच के आदेश दिए गए हैं। एसपी ने आश्वासन दिया कि दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों में आक्रोश
गांव ददायरा के लोग इस घटना से आक्रोशित हैं। उनका कहना है कि बुजुर्ग किसानों के साथ इस तरह की ठगी न केवल शर्मनाक है, बल्कि यह पूरे समाज के लिए चिंता का विषय है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि आरोपित को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर पीड़ित को न्याय दिलाया जाए। यह मामला न केवल धोखाधड़ी का है, बल्कि एक बुजुर्ग की मेहनत की कमाई को हड़पने की साजिश को भी उजागर करता है।


