Hapur News: फरार होमगार्ड गिरफ्तार, हरियाणा के पलवल से दबोचा गया

Hapur News: आरोपी लंबे समय से पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहा था। योगेंद्र के खिलाफ धोखाधड़ी समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज था।

Avnish Pal
Published on: 10 Sept 2025 9:11 AM IST
Hapur News
X

Hapur News

Hapur News: जिले की कोतवाली पुलिस ने करोड़ों रुपये की ठगी कर फरार चल रहे आरोपी होमगार्ड योगेंद्र को बड़ी कार्रवाई करते हुए हरियाणा के जिला पलवल से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लंबे समय से पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहा था। योगेंद्र के खिलाफ धोखाधड़ी समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज था।

कैसे रचा करोड़ों की ठगी का खेल

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक पटनीश कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि दिनेश नगर कॉलोनी निवासी मनोज कुमार ने तहरीर दी थी कि आरोपी योगेंद्र, जो कोतवाली नगर में होमगार्ड के पद पर तैनात था, दिनेश नगर स्थित सी टॉवर में किराए पर रहता था। मनोज के अनुसार, जुलाई 2022 में योगेंद्र ने लोगों को भरोसे में लेकर 36 सदस्यों की कमेटी डाली थी।

कमेटी में हर सदस्य को हर महीने 10,000 रुपये जमा करना था। योजना के मुताबिक, जून 2025 में कमेटी पूरी होने पर प्रत्येक सदस्य को चार लाख रुपये मिलने थे।लेकिन, जब पैसे बांटने का समय आया तो योगेंद्र अपने पूरे परिवार के साथ अचानक रफूचक्कर हो गया। घटना की जानकारी होते ही कमेटी के सभी सदस्यों के पैरों तले जमीन खिसक गई। लोग योगेंद्र के घर पहुंचे तो वहां ताला लटकता मिला।

पीड़ितों ने बताया दर्द

कमेटी के सदस्यों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने योगेंद्र पर पूरा भरोसा कर अपनी मेहनत की कमाई कमेटी में लगाई थी। कई सदस्यों ने तो घर खर्च और कर्ज चुकाने के लिए रकम लगाई थी। लेकिन आरोपी के भाग जाने के बाद सभी आर्थिक संकट में फंस गए।

पुलिस ने दबिश देकर पकड़ा

मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी। लगातार तकनीकी निगरानी और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस को सूचना मिली कि योगेंद्र हरियाणा के पलवल जिले में किराए के फ्लैट में छिपा हुआ है।दबिश देकर पुलिस ने योगेंद्र को गिरफ्तार कर लिया।

जेल भेजा गया आरोपी

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया। न्यायालय ने योगेंद्र को दोषी मानते हुए पुलिस अभिरक्षा में जेल भेज दिया।

पुलिस का बयान

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक पटनीश कुमार ने कहा कि आरोपी ने लोगों की मेहनत की कमाई हड़पने की साजिश रची थी। पुलिस लगातार इस मामले पर काम कर रही थी। आखिरकार आरोपी को पलवल से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।“

1 / 9
Your Score0/ 9
Avnish Pal
ABOUT THE AUTHOR

Avnish Pal

Next Story