TRENDING TAGS :
Hapur News: सावन में पुलिस की अनूठी पहल, हर थाने-चौकी में रखा गया गंगाजल; कांवड़ियों की टूटी कांवड़ को मिलेगा सहारा
Hapur News: पुलिस-प्रशासन द्वारा भी कांवड़ियों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए तमाम तरह के इंतजाम किए जा रहे हैं। इन्हीं सब इंतजामों के बीच हापुड़ पुलिस की यह पहल सराहनीय है।
सावन में पुलिस की अनूठी पहल, हर थाने-चौकी में रखा गया गंगाजल (photo: social media )
Hapur News: सावन के पवित्र महीने में कांवड़ियों की सुविधा और आस्था का सम्मान करते हुए हापुड़ पुलिस ने एक अनूठी पहल की है। जिले के सभी थानों और चौकियों पर गंगाजल रखवाया गया है ताकि किसी भी कांवड़िए की कांवड़ क्षतिग्रस्त होने पर उसे तत्काल गंगाजल उपलब्ध कराया जा सके। इस कदम से शिवभक्तों को अपनी यात्रा जारी रखने में मदद मिलेगी और उन्हें मायूस नहीं होना पड़ेगा।
सावन का महीना चल रहा है और लाखों श्रद्धालु दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के अन्य जिलों से गंगाजल लेने के लिए गढ़मुक्तेश्वर के ब्रजघाट, गोमुख और हरिद्वार की ओर जा रहे हैं। सड़कों पर कांवड़ियों का सैलाब उमड़ा हुआ है और "बोल बम" के उद्घोष गूँज रहे हैं। पुलिस-प्रशासन द्वारा भी कांवड़ियों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए तमाम तरह के इंतजाम किए जा रहे हैं। इन्हीं सब इंतजामों के बीच हापुड़ पुलिस की यह पहल सराहनीय है।
हापुड़ की सीमा से होकर बड़ी संख्या में शिवभक्त गंगाजल लेकर राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली और सीमावर्ती जनपदों को जाते हैं। कांवड़ यात्रा के दौरान कई बार किसी कारणवश शिवभक्त की कांवड़ खंडित हो जाती है। ऐसे में उन्हें तुरंत गंगाजल उपलब्ध कराने के लिए हापुड़ पुलिस ने अपनी एक टीम को हरिद्वार और ब्रजघाट भेजकर विशेष रूप से गंगाजल मंगवाया है, जिसे जनपद के सभी थानों सहित चौकियों पर सुरक्षित रखा गया है।
कभी-कभी कांवड़ क्षतिग्रस्त होने की खबरें सामने आती हैं
हापुड़ के एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि कांवड़ लेकर आने वाले शिवभक्त की कभी-कभी कांवड़ क्षतिग्रस्त होने की खबरें सामने आती हैं, जिससे कांवड़िया काफी मायूस हो जाता है। ऐसे में हापुड़ पुलिस द्वारा यह नई पहल शुरू की गई है, जिसमें यदि किसी कांवड़िए की कांवड़ किसी भी तरह से क्षतिग्रस्त हो जाती है, तो उसे हापुड़ की पुलिस मायूस नहीं होने देगी। उसे नजदीक के ही किसी थाने या चौकी से हरिद्वार या ब्रजघाट का गंगाजल मुहैया कराया जाएगा, जिससे शिवभक्त अपनी कांवड़ को फिर से सकुशल लेकर गंतव्य को पहुंच सके और भोलेनाथ पर जलाभिषेक कर सके।
एसपी ने डाक कांवड़ियों से लगातार अपील की है कि बारिश के दौरान धीमी गति से वाहनों को चलाएं। इसके अलावा बिजली के खंभों से दूर रहने और किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति को दिखने पर तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम के नंबर पर सूचना देने का आग्रह किया है।


