TRENDING TAGS :
Hardoi News: हरदोई में आबकारी मंत्री ने किसानों को बांटे कृषि उपहार, बोले – “किसानों की आय हो रही दोगुनी”
Hardoi News: मंत्री ने कार्यक्रम के दौरान किसानों को कृषि संबंधी उपहार प्रदान किए और केंद्र व राज्य सरकार की किसान कल्याण योजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला।
हरदोई में आबकारी मंत्री ने किसानों को बांटे कृषि उपहार (photo: social media )
Hardoi News: उत्तर प्रदेश के हरदोई जनपद में शुक्रवार को मुख्यमंत्री कृषक उपहार योजना के अंतर्गत कृषक उपहार वितरण समारोह का आयोजन हुआ, जिसमें राज्य के आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल ने बतौर मुख्य अतिथि भाग लिया। शहर के एक निजी होटल में आयोजित इस समारोह में हरदोई सहित अन्य जनपदों से आए हुए किसान भी शामिल हुए। मंत्री ने कार्यक्रम के दौरान किसानों को कृषि संबंधी उपहार प्रदान किए और केंद्र व राज्य सरकार की किसान कल्याण योजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला।
प्रधानमंत्री सम्मान निधि की नई किस्त की भी चर्चा
मंत्री नितिन अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि देश और प्रदेश की सरकारें पूरी प्रतिबद्धता के साथ किसानों के हित में कार्य कर रही हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का लक्ष्य है कि किसानों की आय दोगुनी हो, और इसके लिए निरंतर प्रयास हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज वाराणसी से प्रधानमंत्री सम्मान निधि योजना की अगली किस्त भी जारी की है, जो जल्द ही किसानों के खातों में स्थानांतरित कर दी जाएगी।
40 से अधिक किसानों को हुआ लाभ, मंडी का बढ़ रहा योगदान
मंत्री ने जानकारी दी कि इस समारोह के माध्यम से 40 से अधिक किसानों को लाभान्वित किया गया, जो हरदोई और आस-पास की मंडियों से आए थे। उन्होंने कहा कि हरदोई की मंडी प्रदेश की प्रमुख मंडियों में शामिल है, जहां किसानों की उपज का समुचित मूल्य मिलता है और लगातार व्यापार में वृद्धि हो रही है।
नितिन अग्रवाल ने मंडियों से जुड़े औद्योगिक विकास की भी चर्चा की, जैसे कि राइस मिल और फ्लोर मिल जैसे उद्योगों की संख्या बढ़ रही है, जिससे कृषि से जुड़े व्यापार को और बल मिल रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों की समस्याओं के समाधान और उनकी समृद्धि को प्राथमिकता दे रही है।
सरकारी योजनाओं की पहुंच से बदल रही है ग्रामीण अर्थव्यवस्था
कार्यक्रम के माध्यम से यह भी स्पष्ट हुआ कि मुख्यमंत्री कृषक उपहार योजना किसानों में जागरूकता और तकनीकी साधनों की पहुँच बढ़ा रही है, जिससे वे आधुनिक कृषि की ओर प्रेरित हो रहे हैं। मंत्री ने सभी लाभान्वित किसानों को शुभकामनाएं दीं और कहा कि सरकार की योजनाएं धरातल पर उतर रही हैं और उसके परिणाम भी सामने आ रहे हैं।


