अयोध्या में गूंजे जय श्री राम के जयकारे, राजा राम की प्राण प्रतिष्ठा में सीएम योगी करेंगे आरती

अयोध्या में राम दरबार की प्राण प्रतिष्ठा आज अभिजीत मुहूर्त में, CM योगी आदित्यनाथ भी होंगे शामिल; आज ही उनका जन्मदिन भी है।

Harsh Sharma
Published on: 5 Jun 2025 11:13 AM IST (Updated on: 5 Jun 2025 11:57 AM IST)
Yogi Adityanath in Ram mandir
X

Yogi Adityanath in Ram mandir 

अयोध्या के राम मंदिर में आज राम दरबार की प्राण प्रतिष्ठा हो रही है। यह पवित्र कार्य सुबह 11 बजे से दोपहर 12 बजे के बीच, शुभ 'अभिजीत मुहूर्त' में किया जाएगा। राम दरबार के साथ-साथ आज मंदिर परिसर में कुल 7 देवताओं की मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी। इस खास मौके के लिए अयोध्या नगरी को सुंदर तरीके से सजाया गया है। सड़कों, गलियों और मंदिरों को फूलों और रंग-बिरंगी सजावट से सजाया गया है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु भी भगवान राम के इस ऐतिहासिक क्षण का हिस्सा बनने के लिए अयोध्या पहुंचे हैं। इस धार्मिक आयोजन में कई धर्मगुरु और संत मौजूद रहेंगे। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी गंगा दशहरा के मौके पर इस कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।

आज का दिन इसलिए और भी खास है क्योंकि आज सीएम योगी आदित्यनाथ का जन्मदिन भी है। राम दरबार की प्राण प्रतिष्ठा और योगी जी का जन्मदिन एक ही दिन होना इसे और भी शुभ और विशेष बना रहा है।

हनुमानगढ़ी मंदिर जाकर बजरंगबली की पूजा-अर्चना की

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अयोध्या पहुंच गए हैं। अयोध्या पहुंचते ही उन्होंने सबसे पहले हनुमानगढ़ी मंदिर जाकर बजरंगबली की पूजा-अर्चना की। उन्होंने पूरे विधि-विधान के साथ हनुमान जी का आशीर्वाद लिया। अब कुछ ही देर में योगी आदित्यनाथ श्रीराम जन्मभूमि जाएंगे और राम लला के दर्शन करेंगे। इसके बाद वे राम दरबार की प्राण प्रतिष्ठा समारोह में हिस्सा लेंगे।

श्रीराम जन्मभूमि में सीएम योगी ने की भक्ति भाव से पूजा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर पहुंचकर रामलला की पूजा-अर्चना की। अब थोड़ी ही देर में चंदौली के विद्वान पंडित जयप्रकाश तिवारी, 101 वैदिक आचार्यों के साथ मिलकर मंदिर परिसर के सभी आठ मंदिरों में एक साथ देवताओं की मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा करेंगे।

माता सीता के साथ भगवान राम की सुंदर मूर्ति स्थापित

राम दरबार में भगवान राम और माता सीता की मूर्ति लगाई गई है। ये मूर्तियां 2 फुट ऊंचे सफेद संगमरमर के सिंहासन पर रखी गई हैं। राम दरबार राम मंदिर के पहले तल पर बनाई गई है। साथ में भगवान हनुमान और लक्ष्मण की मूर्तियां भी बैठी हुई मुद्रा में रखी गई हैं।

राम दरबार की प्राण प्रतिष्ठा का पवित्र अनुष्ठान जारी

राम दरबार की प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम चल रहा है। राम मंदिर के पहले तल पर राम दरबार की मूर्तियों को प्राण प्रतिष्ठा दी जा रही है। अयोध्या और काशी के 101 आचार्य मंत्रों का जाप करते हुए यह पूजा कर रहे हैं। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के डॉक्टर अनिल मिश्रा इस कार्यक्रम के मुख्य यजमान हैं। वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी पूजा में शामिल होकर भगवान की आराधना कर रहे हैं।

1 / 6
Your Score0/ 6
Harsh Sharma
ABOUT THE AUTHOR

Harsh Sharma

Harsh Sharma is a Content Writer at Newstrack.com.

Next Story