TRENDING TAGS :
Jhansi News: बुंदेलखंड में अब नहीं होगी पेयजल की किल्लत: जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह का झांसी में औचक निरीक्षण
Jhansi News: हर घर नल से स्वच्छ जल पहुंचाने का संकल्प, महिलाओं से सीधा संवाद और योजनाओं का लाभ दिलाने का आश्वासन
Jhansi News (Social Media image)
Jhansi News: उत्तर प्रदेश के जलशक्ति मंत्री, सिंचाई एवं जल संसाधन, बाढ़ नियंत्रण, परती भूमि विकास, नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति विभाग के मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने झांसी जनपद में एक बड़ा अभियान चलाया। उनके नेतृत्व में राज्य पेयजल एवं स्वच्छता मिशन और जिला प्रशासन के अधिकारियों की टीम ने हर गांव तक नल से शुद्ध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से क्षेत्र का व्यापक भ्रमण किया।
बुंदेलखंड में जल संकट खत्म करने का दावा
भ्रमण के दौरान जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने दृढ़ता से कहा कि अब बुंदेलखंड में पेयजल की किल्लत नहीं होगी। उन्होंने दावा किया कि सरकार ने "हर घर नल से जल" पहुँचाने के अपने वादे को पूरा किया है। इस बात की पुष्टि के लिए उन्होंने खुद मौके पर नल का पानी पिया और ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। उन्होंने ग्रामीणों से पूछा कि क्या उन्हें वाकई हर दिन स्वच्छ पानी मिल रहा है, जिसका ग्रामीणों ने "हाँ" में जवाब दिया। मंत्री ने यह भी जोड़ा कि घर-घर स्वच्छ जल पहुँचने से बीमारियों में भी कमी आई है। बबीना ब्लॉक के खजरहा खुर्द गांव में उन्होंने नल से पानी पीने के बाद ग्रामीणों से पुष्टि की कि क्या उन्हें रोजाना ऐसा ही पानी मिलता है।
जमीनी स्तर पर संवाद और समस्या समाधान
जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने बबीना विकासखंड के 05 गांवों का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विशेष रूप से ग्रामीण महिलाओं से सीधा संवाद स्थापित किया ताकि जलापूर्ति की वास्तविक स्थिति का पता चल सके। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और आश्वस्त किया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें जनता के बीच भेजा है, और जहाँ कहीं भी पानी की समस्या है, उसे तुरंत दुरुस्त किया जाएगा तथा पेयजल योजनाओं के माध्यम से पर्याप्त पानी पहुँचाया जाएगा।
ग्राम गुआवली के भ्रमण के दौरान मंत्री ने पैदल चलकर ग्रामीणों से बातचीत की। उन्होंने पुलिस भर्ती में चयनित हुए एक आरक्षी की माँ को शॉल भेंट कर सम्मानित भी किया। ग्राम किल्चवारा में पैदल भ्रमण के दौरान, श्रीमती भगवती पत्नी वीर सिंह ने अपनी पेंशन दिलाने की गुहार लगाई। मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने जमीन पर बैठकर धैर्यपूर्वक महिला की अन्य समस्याओं को सुना और तत्काल उन्हें पेंशन दिलाने के निर्देश दिए। यह दिखाता है कि मंत्री ने स्थानीय अफसरों की सूची को दरकिनार कर, खुद गांव और लोगों का चयन कर औचक निरीक्षण किया और जमीनी हकीकत जानी।
परियोजनाओं की स्थिति और उपस्थित अधिकारी
इस निरीक्षण में मंत्री के साथ प्रमुख सचिव नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति विभाग, उ.प्र. अनुराग श्रीवास्तव, प्रबंध निदेशक उ.प्र. जल निगम (ग्रामीण) डॉ. राजशेखर, जिला अध्यक्ष प्रदीप पटेल, ग्राम प्रधान और अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। जिलाधिकारी मृदुल चौधरी ने बताया कि जनपद में 10 परियोजनाएं संचालित हैं, जिनसे लगभग 11 लाख से अधिक आबादी के लिए 2 लाख 14 हजार से अधिक लोगों को शुद्ध पेयजल के संयोजन दिए गए हैं. इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी जुनैद अहमद, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे योगेन्द्र कुमार, मुख्य अभियंता जल निगम राकेश कुमार, अधीक्षण अभियंता जल निगम अवनीश कुमार, अधिशासी अभियंता जल निगम ग्रामीण रणविजय सिंह, सहायक अभियंता जल निगम नीतेश प्रताप सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी मौजूद रहे।


