TRENDING TAGS :
Jhansi News: सीएम डैशबोर्ड रैंकिंग में झांसी 13वें स्थान पर, डीएम ने की विभागीय समीक्षा
Jhansi News: कलेक्ट्रेट के नवीन सभागार में जिलाधिकारी मृदुल चौधरी की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री डैशबोर्ड से संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
Jhansi News
Jhansi News: मई की अपेक्षा जून में सीएम डैशबोर्ड की रैंकिंग में काफी सुधार देखने को मिला है। जनपद झांसी अब 13वें स्थान पर आ गया है। इसे और बेहतर बनाने के लिए अधिकारियों को संवेदनशील होकर कार्य करना सुनिश्चित करना होगा।कलेक्ट्रेट के नवीन सभागार में जिलाधिकारी मृदुल चौधरी की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री डैशबोर्ड से संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। उन्होंने प्रदेश में जनपद की रैंकिंग में सुधार लाने के लिए उपस्थित विभागीय अधिकारियों को जिम्मेदारी और संवेदनशीलता से कार्य करने की नसीहत दी।
“बी”, “सी”, “डी” रैंक प्राप्त करने वाले अधिकारियों को शासन द्वारा निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप रूचि लेकर कार्य करने का सुझाव दिया गया। साथ ही, नियमित डेटा फीडिंग करने वाले विभागों को पोर्टल का लगातार निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए, ताकि रैंकिंग में और सुधार किया जा सके।
जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री डैशबोर्ड के अंतर्गत विकास कार्यों एवं राजस्व कार्यों से संबंधित प्रपत्रों की समीक्षा करते हुए कहा कि श्रम विभाग, विद्युत विभाग, कृषि विभाग जैसे जहां नियमित फीडिंग की जाती है, वहां के अधिकारी पोर्टल का स्वयं निरीक्षण करें और डेटा की सही व समयबद्ध एंट्री सुनिश्चित करें। इससे सभी पैरामीटर्स में बेहतर अंक प्राप्त कर रैंकिंग में सुधार लाया जा सकता है।
बैठक में उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी को फेमिली आईडी की अलग से विभागीय समीक्षा करने के निर्देश दिए ताकि यह कार्य त्वरित और पारदर्शिता के साथ पूर्ण किया जा सके।नोडल विभाग पर्यटन की प्रगतिशील योजना और स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण फेस-2) में संतोषजनक प्रगति न होने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कार्यदायी संस्था सहित संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि भौतिक प्रगति के अनुसार योजनाओं की गति बढ़ाई जाए और सभी कार्य समय से पूर्ण किए जाएं।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी जुनैद अहमद, सीएमओ डॉ. सुधाकर पाण्डेय, डीएफओ नीरज कुमार आर्य, अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) योगेश कुमार, डीडीओ सुनील कुमार, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग दीपांकर चौधरी, डीएसटीओ सुजान सिंह लोधी सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी और विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं के प्रोजेक्ट मैनेजर उपस्थित रहे।


