TRENDING TAGS :
पूर्व पीएम राजीव गांधी की जयंती को सद्भावना दिवस के रूप में मनाया, विभिन्न कार्यक्रम का हुआ आयोजन
Rajiv Gandhi Jayanti: प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने संबोधन में कहा कि राजीव गांधी ने लोकतंत्र को मजबूत और समावेशी बनाने के लिए कार्य किए। युवाओं को सशक्त बनाने के लिए मतदान की आयु 21 वर्ष से घटाकर 18 वर्ष कर दी थी।
Former PM Rajiv Gandhi Jayanti (Photo: Social Media)
Rajiv Gandhi Jayanti: पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की 81वीं जयंती के अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं ने कार्यक्रमों का आयोजन किया। उनकी जयंती को सद्भावना दिवस के रूप में मनाया गया। बुधवार को आयोजन की शुरुआत कालिदास चौराहा व राजीव चौक मॉल एवेन्यू स्थित राजीव गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण से हुई। पूर्व सांसद पीएल पुनिया और पूर्व विधायक श्याम किशोर शुक्ला ने पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी है।
राजीव गांधी को किया गया याद
प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित संगोष्ठी में वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने भाग लिया। पूर्व सांसद पीएल पुनिया ने संबोधन में राजीव गांधी को शांतिदूत बताया। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी ने राष्ट्रीय एकता, सांप्रदायिक सौहार्द और शांतिपूर्ण सहअस्तित्व पर विशेष जोर दिया। संगोष्ठी में पूर्व विधायक सतीश अजमानी, श्याम किशोर शुक्ला, पूर्व सदस्य विधान परिषद दीपक सिंह और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
रक्तदान शिविर का हुआ आयोजन
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने संबोधन में कहा कि राजीव गांधी ने लोकतंत्र को मजबूत और समावेशी बनाने के लिए ऐतिहासिक कार्य किए। युवाओं को सशक्त बनाने के लिए मतदान की आयु 21 वर्ष से घटाकर 18 वर्ष कर दी थी। जिससे करोड़ों युवाओं को पहली बार लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भाग लेने का अवसर मिला। सद्भावना दिवस को सार्थक बनाने के लिए चिकित्सा प्रकोष्ठ द्वारा प्रदेश कांग्रेस कार्यालय पर एक निशुल्क चिकित्सा शिविर और रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।
पैरामेडिकल कर्मचारियों सम्मानित
चिकित्सा प्रकोष्ठ चेयरमैन डॉ. जियाराम वर्मा की देखरेख में आयोजित शिविर में लगभग 25 विशेषज्ञ डॉक्टरों ने 1000 से अधिक को परामर्श दिया। इस दौरान मुफ्त दवाइयां और रक्त परीक्षण किए गए। वहीं रक्तदान शिविर में 103 लोगों ने रक्तदान किया, जिनमें डॉ. आजाद बेग, डॉ. अमित कुमार राय और अनामिका यादव जैसे कई पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल थे। शिविर के समापन पर प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने चिकित्सकों और पैरामेडिकल कर्मचारियों को शॉल और प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
कांग्रेस के शहर में अन्य कार्यक्रम
उत्तर प्रदेश कांग्रेस सेवादल मध्यजोन के अध्यक्ष सुशील तिवारी की मौजूदगी में लखनऊ मानटेसरी कॉलेज में वृक्षारोपण कार्यक्रम हुआ। कॉलेज प्रधानाचार्य और अध्यापकगण भी उपस्थित थे। अखिल भारतीय महिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष अलका लांबा के निर्देश पर प्रियदर्शिनी उड़ान योजना के तहत महिला कांग्रेस मध्य जोन की अध्यक्ष ममता चौधरी कोऑर्डिनेटर अनामिका यादव ने मलिन बस्तियों में सैनिटरी नैपकिन का वितरण किया, जिसका उद्देश्य नारी स्वास्थ्य संकल्प को बढ़ावा देना था।


