TRENDING TAGS :
Lucknow News: अखिलेश यादव को 'ब्राह्मण विरोधी' बताकर भाजपा नेता ने लखनऊ के चौराहों पर लगवाए पोस्टर, लिखा- 'समझा दो अपने एजेंटों को वरना...'
Lucknow News: पोस्टर में समाजवादी मीडिया सेल की हरकत का न सिर्फ विरोध देखने को मिला बल्कि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को ब्राह्मण विरोधी भी बताया गया है।
Poster War in Lucknow
Lucknow News: सोशल मीडिया पर समाजवादी मीडिया सेल की ओर से डिप्टी CM ब्रजेश पाठक को लेकर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी से छिड़ा विवाद जमीनी विरोध प्रदर्शन से होते हुए पोस्टर वॉर तक पहुंच गया है। बीते मंगलवार को भाजपा कार्यकर्ता की ओर से पोस्टर लगाते हुए सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को माफी मांगने की सलाह दी गई थी। जिसके बाद एक बार फिर भाजपा युवा मोर्चा के महामंत्री अमित त्रिपाठी की ओर से इस पोस्टर वॉर को नया रुख देते हुए एक नया पोस्टर लखनऊ के अलग-अलग चौराहों पर लगवाया गया है। इस पोस्टर में समाजवादी मीडिया सेल की हरकत का न सिर्फ विरोध देखने को मिला बल्कि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को ब्राह्मण विरोधी भी बताया गया है।
पोस्टर में लिखा- 'अखिलेश यादव को भगाना है'
यह पोस्टर भाजपा युवा मोर्चा के महामंत्री अमित त्रिपाठी की ओर से लखनऊ के 1090 चौराहा व डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के आवास के बाहर और अन्य अलग-अलग चौराहों पर लगवाया गया है। इस पोस्टर में इशारों में अखिलेश यादव को ब्राह्मण विरोधी बताते हुए सपा अध्यक्ष की तस्वीर के साथ लिखा गया है कि 'अखिलेश यादव को भगाना है... ब्राह्मणों का सम्मान बचाना है'। इसके साथ ही इस पोस्टर में एक ओर से डिप्टी CM ब्रजेश पाठक की तस्वीर लगाते हुए लिखा गया है कि 'ब्राह्मण ब्रजेश पाठक जी के सम्मान में... युवा मोर्चा मैदान में'। आपको बता दे कि इससे पहले बीते शनिवार को भाजपा के नेता और कार्यकर्ताओं की ओर से सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव का लखनऊ के हजरतगंज चौराहे पर पुतला फूंकते हुए अखिलेश यादव के ब्राह्मण विरोधी होने की बात कही गई थी।
सपा अध्यक्ष को दी चेतावनी, लिखा- 'समझा दो ब्राह्मण विरोधी एजेंटों को वरना...'
इस पोस्ट में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधने के साथ ही सोशल मीडिया पर इस विवाद को जन्म देने वाले समाजवादी मीडिया सेल का भी इशारों में जिक्र किया गया है। पोस्टर में भाजपा युवा मोर्चा के महामंत्री अमित त्रिपाठी ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव को चेतावनी देते हुए लिखा गया है कि 'बहुत हो चुकी मक्कारी, बहुत हो चुका ब्राह्मण विरोधी खेल... समझा दो अपने ब्राह्मण विरोधी एजेंटों को वरना... खुल जायेगा पूरा जातिवाद का खेल'। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर ब्राह्मण विरोधी होने का आरोप लगाते हुए भाजपा नेता की ओर से लगवाया गया पोस्टर अब सोशल मीडिया पर तेजी के साथ वायरल होना शुरू हो गया है। हालांकि, इस पोस्टर को लेकर समाजवादी पार्टी की ओर से अभी तक कोई बयान सामने नहीं आया है।


