TRENDING TAGS :
Lucknow News: अलग-अलग दुकानों से करोड़ों की ज्वैलरी लेकर फरार हुए कारीगर, सर्राफा व्यापारी ने अमीनाबाद थाने में दर्ज कराई FIR
Lucknow News: काफी खोजबीन के बाद जब माल चोरी करके भागने वाले कारीगर का कुछ पता नहीं चला तो सर्राफा व्यापारी ने स्थानीय अमीनाबाद थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
Lucknow News
Lucknow News: राजधानी लखनऊ में बढ़ती चोरी, लूट और धोखाधड़ी की घटनाओं के साथ ही लखनऊ पुलिस भी ऐसे मामलों के खुलासे व अपराधियों की धड़पकड़ में लगी हुई है। बावजूद इसके इन घटनाओं में कोई खास कमी देखने की नहीं मिल रही है। इसी से जुड़ा एक मामला लखनऊ के अमीनाबाद थाना क्षेत्र से सामने आया, जहां ज्वैलरी की दुकान पर काम करने वाले कारीगर ने अपनी दुकान के साथ साथ अन्य ज्वैलरी की दुकानों से करोड़ों की ज्वैलरी पार कर दी। अब काफी खोजबीन के बाद जब माल चोरी करके भागने वाले कारीगर का कुछ पता नहीं चला तो सर्राफा व्यापारी ने स्थानीय अमीनाबाद थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
अलीगंज के रहने वाले सर्राफा व्यापारी की शॉप पर काम करता था कारीगर
लखनऊ के अलीगंज के रहने वाले राकेश रस्तोगी नाम के सर्राफा व्यापारी ने अमीनाबाद थाने में तहरीर देते हुए बताया कि उनकी अमीनाबाद थाना क्षेत्र में जूते वाली गली में ज्वैलरी की शॉप है। उन्होंने बताया कि उनकी दुकान पर काफी सालों से श्याम बाबू सोनी नाम का कारीगर काम कर रहा था। बीते 11 मई की दोपहर करीब डेढ़ बजे श्याम बाबू सोनी दुकान में रखे सोने के आभूषण अपने साथ लेकर फरार हो गया। 2 दिन बाद तक दुकान न आने पर उनकी खोजबीन कड़ते हुए लोगों से पता लगवाया गया लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। उन्होंने बताया कि कारीगर श्याम बाबू सोनी अपने साथ 18 कैरेट गोल्ड का 500 ग्राम आभूषण लेकर गया है।
अन्य शॉप से भी अपने साथी के साथ ज्वैलरी लेकर भागा कारीगर
पीड़ित राकेश रस्तोगी ने बताया कि कारीगर के बारे में अन्य दुकानों पर पता किया गया तो जानकारी मिली कि चंद्रमाती ज्वैलर्स से श्याम बाबू सोनी व सुरेश रस्तोगी नाम के कारीगर 8 जून को 447 ग्राम आभूषण लेकर फरार हुए हैं। इसके साथ ही 25 मई को प्रदीप ज्वैलर्स से सुरेश रस्तोगी 70 ग्राम सोना, 6 जून को RK ज्वैलर्स से श्याम बाबू सोनी 370 ग्राम की ज्वैलरी और 4 जून को पप्पू ज्वैलर्स से सुरेश कुमार रस्तोगी व श्याम बाबू सोनी दोनों मिलकर 20-20 ग्राम सोना लेकर फरार हो गए हैं। इन सर्राफा व्यापारियों को भी दोनों की लंबे समय से तलाश है, लेकिन इनका कुछ पता नहीं चल पा रहा है।
घर जाने पर भी नहीं मिली कोई जानकारी, पुलिस ने दर्ज की FIR
पीड़ित ने बताया कि काफी खोजबीन के बाद जब कुछ पता नहीं चला तो वे सर्राफा व्यापारियों के साथ कारीगर के घर पहुंचे लेकिन घर वालों ने कारीगर से जुड़ी कोई जानकारी नहीं दी। इससे नदाजा लगाया जा रहा है कि पूरा परिवार इस घटना में मिला हुआ है। पीड़ित की ओर से दी गयी तहरीर के आधार पर अमीनाबाद थाना पुलिस ने सुरेश कुमार रस्तोगी और श्याम बाबू सोनी के खिलाफ धारा 316(2) में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


