TRENDING TAGS :
Lucknow News: बसंतपुर आवास योजना से जुड़े लोग लोग सुविधा दिवस में शिकायत लेकर पहुंचे, बोले- हाउस लोन को पर्सनल में बदलने की नोटिस भेज रहा बैंक
Lucknow News: इस कार्यक्रम में कमिश्नर रोशन जैकब, नगर आयुक्त गौरव कुमार और एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
बसंतपुर आवास योजना से जुड़े लोग लोग सुविधा दिवस में शिकायत लेकर पहुंचे (photo: social media )
Lucknow News: लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) में सोमवार को नागरिक सुविधा दिवस का आयोजन हुआ। जिसमें बड़ी संख्या में नागरिक अपनी समस्याओं को लेकर पहुंचे। नागरिकों की अधिकांश शिकायतें भूखंड पर कब्जा न मिलने, मुआवजा भुगतान में देरी, बिजली कनेक्शन, सीवर लाइन, सड़क निर्माण जैसी मूलभूत सुविधाओं की कमी को लेकर रहीं। इस कार्यक्रम में कमिश्नर रोशन जैकब, नगर आयुक्त गौरव कुमार और एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
आवंटित प्लॉट पर कब्जा नहीं मिल रहा
अधिकारियों ने नागरिकों की शिकायतें सुनीं और उन्हें समाधान का आश्वासन दिया। लोगों ने बताया कि कई वर्षों से एलडीए द्वारा आवंटित प्लॉट पर कब्जा नहीं मिल पा रहा है, जिससे वे मानसिक और आर्थिक तनाव झेल रहे हैं। बसंतपुर आवास योजना से जुड़े कल्याण समिति के अध्यक्ष संतोष सिंह ने बताया कि वसंत कुंज सेक्टर-ए योजना के अंतर्गत भुगतान करने के बावजूद अब तक न तो भूखंड पर कब्जा मिला है और न रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी हुई है। उन्होंने बताया कि कई लोगों ने इस योजना के तहत लोन लेकर भुगतान किया था।
हाउस लोन को पर्सनल में बदलने की तैयारी
अब तक रजिस्ट्री न मिलने के कारण बैंक लगातार नोटिस भेजकर हाउस लोन को पर्सनल लोन में बदलने की चेतावनी दे रहे हैं। इससे आम जनता को भारी आर्थिक दबाव का सामना करना पड़ रहा है। वे इस मुद्दे को पहले भी कई बार एलडीए अधिकारियों के सामने उठा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्यवाही नहीं हुई। नागरिक सुविधा दिवस के मौके पर उन्होंने कमिश्नर रोशन जैकब से मुलाकात की और अपनी समस्या बताईं। कमिश्नर ने छह महीने में कब्जा दिलाने का आश्वासन दिया।
संबंधित विभागों को कार्यवाही के निर्देश
इस कार्यक्रम में मौजूद अन्य नागरिकों ने भी बिजली कनेक्शन न मिलने, सीवर लाइन के खराब होने और सड़कों की जर्जर हालत जैसे मुद्दे उठाए। अधिकारियों ने सभी समस्याओं को संज्ञान में लेते हुए संबंधित विभागों को त्वरित कार्यवाही के निर्देश दिए। इसके साथ ही कई शिकायत का मौके पर समाधान हुआ। इस तरह का आयोजन लोगों को समस्याएं सीधे उच्च अधिकारियों तक पहुंचाने का एक प्रभावी मंच प्रदान करता है। हालांकि नागरिकों ने स्पष्ट किया कि नागरिक सुविधा दिवस में आश्वासन कई बार मिल चुके हैं, लेकिन ज़रूरत है कि अब धरातल पर परिणाम दिखें।


