TRENDING TAGS :
लखनऊ में सरकारी अस्पताल के डॉक्टर का ठगी और हमला कांड: 10 लाख हड़पकर नहीं दी नौकरी, विरोध पर महिला से मारपीट
Lucknow News: लखनऊ में बलरामपुर अस्पताल के हड्डी रोग विशेषज्ञ पर मेडिकल विभाग में नौकरी दिलाने के नाम पर 10 लाख की ठगी और महिला से मारपीट का आरोप लगा है। पारा पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, जबकि पीड़िता और उसका परिवार किसी अप्रिय घटना की आशंका से दहशत में है।
Lucknow News: राजधानी लखनऊ के बलरामपुर अस्पताल के हड्डी रोग विशेषज्ञ पर नौकरी दिलाने के नाम पर करोड़ों के कनेक्शन का झांसा देकर ठगी और विरोध करने पर महिला से मारपीट का बड़ा मामला सामने आया है। पारा थाना क्षेत्र की रहने वाली पीड़िता मधू शुक्ला ने अपनी तहरीर के आधार पर दर्ज हुई FIR में दावा किया कि बलरामपुर अस्पताल के डॉक्टर नर नारायण उपाध्याय ने मेडिकल विभाग में बाबू की नौकरी का लालच देकर किस्तों व नकद मिलाकर 10 लाख रुपए ऐंठे लेकिन न तो नौकरी दिलाई और न ही पैसे लौटाए। इतना ही नहीं, जब महिला ने अपनी दी हुई रकम वापस मांगने की हिम्मत की तो आरोपी डॉक्टर ने सुनसान जगह पर बुलाकर गाली-गलौज की, धक्का दिया और बाल खींचे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, जबकि पीड़िता और उसका परिवार किसी अनहोनी की आशंका से दहशत में है।
पैसे लेकर दिया नौकरी का झांसा, फिर शुरू की टालमटोल
पारा निवासी मधू शुक्ला ने पुलिस को बताया कि नवंबर 2020 में इलाज के दौरान उनकी मुलाकात बलरामपुर अस्पताल के हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. नर नारायण उपाध्याय से हुई। बातचीत में बेरोजगारी का जिक्र आने पर डॉक्टर ने मेडिकल विभाग में बाबू की नौकरी दिलाने का भरोसा दिया और ऊंचे संपर्क का हवाला देते हुए 10 लाख रुपए की मांग की। दिसंबर 2021 से महिला ने रिश्तेदारों से कर्ज लेकर रकम डॉक्टर की पत्नी गिरजा उपाध्याय के बैंक खाते में किस्तों में भेजी और बाकी 7.10 लाख नकद दिए।
कई लोगों से वसूली करने का दावा, विरोध पर महिला पर किया हमला
महिला का कहना है कि नौकरी की बात करने पर डॉक्टर बार-बार टालमटोल करता और अलग-अलग नंबर से कॉल कर कहता कि उसने कई लोगों से लाखों रुपए लिए हैं और उच्चाधिकारियों से बातचीत चल रही है। 8 जून की शाम आरोपी ने महिला को गणेश होटल के पास सुनसान जगह बुलाया, जहां गाली-गलौज, धक्का और बाल खींचने की घटना हुई। महिला के शोर मचाने पर आरोपी भाग निकला।
पुलिस ने दर्ज की FIR, पीड़िता परिवार में दहशत
पारा थाना पुलिस ने ठगी और मारपीट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता और उसका परिवार किसी बड़ी घटना की आशंका से डरे हुए हैं। पुलिस डॉक्टर की भूमिका और बैंक लेनदेन के साक्ष्य खंगाल रही है, साथ ही यह भी जांच रही है कि क्या आरोपी ने अन्य लोगों से भी इसी तरह पैसे लेकर नौकरी का झांसा दिया। मामला सामने आने के बाद मेडिकल विभाग में भ्रष्टाचार और फर्जी संपर्कों के सहारे हो रही वसूली पर भी सवाल उठने लगे हैं।


