Lucknow News: ठाकुरगंज हादसे पर सीएम योगी सख्त, मृतक के परिजनों को आर्थिक सहायता, जिम्मेदारों पर कार्रवाई के आदेश

Lucknow News: हृदयविदारक हादसे ने पूरे शहर को झकझोर दिया है। इससे बाद से लोगों में नगर निगम और स्थानीय प्रशासन के खिलाफ गहरा आक्रोश है।

Prashant Vinay Dixit
Published on: 13 July 2025 2:14 PM IST (Updated on: 13 July 2025 2:23 PM IST)
Lucknow News: ठाकुरगंज हादसे पर सीएम योगी सख्त, मृतक के परिजनों को आर्थिक सहायता, जिम्मेदारों पर कार्रवाई के आदेश
X

सीएम योगी ने ठाकुरगंज हादसे पर दिये सख्त कार्रवाई के आदेश (फोटो: सोशल मीडिया)

Lucknow News: लखनऊ के ठाकुरगंज इलाके में बारिश के दौरान जलभराव के चलते एक व्यक्ति की नाले में बहकर हुई मौत ने प्रशासन की लापरवाही की पोल खोल दी है। हादसे की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरी संवेदना व्यक्त की और मामले में तत्काल सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने प्रमुख सचिव नगर विकास को कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही मृतक के परिजनों को 5 लाख रुपए की आर्थिक मदद देने की घोषणा की है।

प्रशासन के खिलाफ जनता में आक्रोश

ठाकुरगंज इलाके में बारिश के दौरान जलभराव के कारण एक व्यक्ति की नाले में बहकर मौत हो गई। मृतक युवक की पहचान राधाग्राम निवासी सुरेश (38) के रूप में हुई। जो शनिवार को तेज बारिश के बीच बहते हुए नाले में गिर गया था। सर्च ऑपरेशन के बाद रविवार को आईआईएम रोड बंधा के पास उसका शव मिला है। इस हृदयविदारक हादसे ने पूरे शहर को झकझोर दिया है। इससे बाद से लोगों में नगर निगम और स्थानीय प्रशासन के खिलाफ गहरा आक्रोश है। सुरेश की मौत ने साबित कर दिया कि नगर निकायों की लापरवाही जानलेवा हो गई है। इसकी जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरी संवेदना व्यक्त की है।

मुख्यमंत्री राहत कोष से 5 लाख रुपये

इस मामले में सख्त रुख अपनाते हुए प्रमुख सचिव नगर विकास को लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय करते हुए उन पर कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए है। सीएम योगी ने सुरेश के परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री राहत कोष से 5 लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है। यह सहायता राशि सीधे पीड़ित परिवार के खाते में ट्रांसफर की जाएगी। इसके साथ ही जिला प्रशासन को निर्देशित किया गया है कि पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद मुहैया कराई जाए, जिसमें उनके बच्चों की शिक्षा और देखरेख भी शामिल हो।

अधिकारियों की जिम्मेदारी होगी तय

नगर विकास विभाग ने हादसे को गंभीरता से लेते हुए और पूरे शहर में खुले और अवरुद्ध नालों की स्थिति का व्यापक सर्वे शुरू कर दिया है। लापरवाही बरतने वाले क्षेत्रीय अभियंताओं, नगर निगम कर्मचारियों और जल निकासी से संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस इलाके में हर साल बारिश के दौरान नाले ओवरफ्लो कर जाते हैं, लेकिन नगर निगम केवल कागज़ी तैयारियों में व्यस्त रहता है। कई जगहों पर नाले बिना किसी सुरक्षा कवर के खुले पड़े हैं, जो जान के लिए खतरा बन चुके हैं। सुरेश की मौत ने खतरे को सच साबित किया है।

1 / 7
Your Score0/ 7
Prashant Vinay Dixit
ABOUT THE AUTHOR

Prashant Vinay Dixit

Prashant Vinay Dixit is a former Reporter at Newstrack.com.

Next Story