TRENDING TAGS :
Lucknow News: 'हर घर तिरंगा' अभियान के अंतर्गत 'तिरंगा रन' का आयोजन! देशभक्ति गीतों पर झूमते हुए सैंकड़ों छात्राओं ने लिया भाग
Lucknow News: इस यात्रा में सैंकड़ों की संख्या में मौजूद छात्राओं ने हाथों में तिरंगा लेकर यात्रा निकाली। यात्रा में शामिल लोग सांस्कृतिक वेशभूषा में भी नाचते झूमते नजर आए।
'हर घर तिरंगा' अभियान के अंतर्गत 'तिरंगा रन' का आयोजन (photo: Newstrack.com)
Lucknow News: 15 अगस्त यानी स्वतंत्रता दिवस से पहले लखनऊ के हर घर तिरंगा अभियान के चलते रोजाना तिरंगा यात्राएं निकालकर देशभक्ति के गानों पर झूमते नजर आ रहे हैं। इसी बीच आज़ादी के अमृत महोत्सव के 'हर घर तिरंगा' अभियान के अंतर्गत ललित कला अकादेमी, नेताजी सुभाष चंद्र बोस गर्ल्स पी.जी. कॉलेज तथा उत्तर प्रदेश लोक एवं जनजातीय संस्कृति संस्थान ने संयुक्त रूप से मंगलवार को एक भव्य 'तिरंगा रन' यात्रा का आयोजन किया। इस यात्रा में सैंकड़ों की संख्या में मौजूद छात्राओं ने हाथों में तिरंगा लेकर यात्रा निकाली। यात्रा में शामिल लोग सांस्कृतिक वेशभूषा में भी नाचते झूमते नजर आए।
गर्ल्स कॉलेज से शुरू हुई तिरंगा यात्रा, सैंकड़ों की संख्या में छात्राओं ने लिया भाग
यह तिरंगा रन यात्रा नेताजी सुभाष चंद्र बोस गर्ल्स पी.जी. कॉलेज से शुरू होकर पुरनिया एवं ललित कला अकादेमी, क्षेत्रीय केन्द्र अलीगंज होते हुए वापस गर्ल्स कॉलेज परिसर में समाप्त हुई। इस आयोजन में सैकड़ों की संख्या में युवाओं और छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। देशभक्ति से जुड़े गाना के बीच झूलती छात्राओं ने हाथों में तिरंगा लहराते हुए भारत माता की जय व वंदे मातरम के नारे लगाए। इस यात्रा के दौरान सुरक्षा के नजरिए से स्थानीय थाना पुलिस के साथ ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू रूप से बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस भी मौजूद रही।
धोबिया लोक गायक एवं नृत्य कलाकार भी यात्रा में हुए शामिल
इस यात्रा में विशेष आकर्षण के रूप में इस देशभक्ति यात्रा में धोबिया लोक गायक एवं नृत्य कलाकार देशभक्ति गीतों के साथ नाचते हुए शामिल हुए, जिन्होंने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। इसी के साथ यात्रा के समापन पर संगीतकार अभिषेक श्रीवास्तव ने अपनी संगीतमय प्रस्तुति दी। यह आयोजन न केवल सांस्कृतिक समरसता का प्रतीक हुआ, बल्कि युवा पीढ़ी में राष्ट्रभक्ति की भावना का भी संचार देखने को मिला।


