TRENDING TAGS :
यूपी DGP से बोली हेड कॉन्स्टेबल की पत्नी, कहा- 'आपके राज में ऐसा हो रहा...', सरकारी आवास में चोरी के 40 दिन भी नहीं हुई कर्रवाई
Lucknow Crime News: 40 दिन बाद भी इस मामले पर लखनऊ पुलिस की ओर से कोई एक्शन न हुआ तो पीड़ित हेड कॉन्स्टेबल की पत्नी प्रतिभा मिश्रा ने सोशल मीडिया पर यूपी DGP राजीव कृष्णा से गुहार लगाई।
Lucknow Crime News
Lucknow Crime News: राजधानी लखनऊ में पुलिस टीम की ओर से सुरक्षा को लेकर किए जा रहे बड़े बड़े दावों के बीच घरों से चोरी और राहगीरों से लूट जैसी घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं। इतना ही नहीं, ऐसी घटनाओं में लखनऊ पुलिस की ओर से कार्रवाई के नाम पर दिखाई जा रही लापरवाही पुलिसिया कार्यशैली पर बड़ा सवाल खड़ा करते हैं।
इसी लापरवाही से जुड़ा एक मामला लखनऊ कर गुडंबा इलाके में देखने को मिला था, जहां किसी आम इंसान के यहां नहीं बल्कि लखनऊ पुलिस में तैनात एक हेड कॉन्स्टेबल के सरकारी आवास में ही चोरी की घटना को अंजाम दिया गया। घटना के 40 दिन बीत जाने के बाद भी इस मामले पर लखनऊ पुलिस की ओर से कोई एक्शन न हुआ तो पीड़ित हेड कॉन्स्टेबल की पत्नी प्रतिभा मिश्रा ने सोशल मीडिया पर यूपी DGP राजीव कृष्णा से गुहार लगाई। उन्होंने कहा कि आपके राज में ऐसा हो रहा है तो आम लोगों के साथ आपकी पुलिस क्या करती होगी।
'सर, आप पुलिस विभाग के मुखिया हैं... अभी तक पुलिस के हाथ खाली हैं'
लखनऊ के गुडंबा थाना क्षेत्र स्थित सरकारी क्वार्टर में रहने वाले सुशांत गोल्फ सिटी थाने में तैनात हेड कॉन्स्टेबल अभिषेक पांडे की पत्नी प्रतिभा ने सोशल मीडिया X पर डीजीपी यूपी राजीव कृष्णा को टैग करते हुए कहा कि 'सर, आप पुलिस विभाग के मुखिया हैं। आपके छोटे कर्मचारी के सरकारी आवास से दिन दहाड़े चोरी हो गई। घटना का सीसीटीवी फुटेज होने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं'।
प्रतिभा ने आगे लिखा कि 'आपके राज में ऐसा हो रहा है तो औरों के साथ आपकी पुलिस कैसे न्याय करती होगी'। आपको बता दें कि इससे पहले हेड कॉन्स्टेबल ने भी सोशल मीडिया पर लिखा था कि घटना के इतने दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ अभी चोरों से मीलों दूर हैं। अब ऐसे में 'मैं ड्यूटी करूँ या चोर पकड़ूँ'।
सुशांत गोल्फ सिटी थाने में तैनात है सिपाही, घटना के दिन मायके गयी थी पत्नी
गुडंबा थाना क्षेत्र स्थित सरकारी क्वार्टर में रहने वाले अभिषेक पांडे ने बताया कि वे सुशांत गोल्फ सिटी थाने में हेड कॉन्स्टेबल के पद पर तैनात हैं लेकिन उनका सरकारी आवास गुडंबा इलाके में है। उन्होंने बताया कि पहले उनकी पोस्टिंग गुडंबा थाने में थी लेकिन बाद में ट्रांसफर होने के बाद सरकारी आवास गुडंबा में ही रहा उन्होंने बताया कि बीते 25 मई को घटना के दिन वे अपनी पत्नी व बेटे को पत्नी के मायके फैजाबाद छोड़ आये थे और खुद भी ड्यूटी पर आ गए थे। घर में कोई न होने की वजह से ताला पड़ा हुआ था।


