TRENDING TAGS :
Lucknow News: UP रोडवेज कर्मचारी परिषद की प्रमुख सचिव से वार्ता ! समाधान की जागी उम्मीद, क्या है मांगे
प्रमुख सचिव ने बताया कि निजी बसों और परिवहन निगम की बसों के अतिरिक्त कर की असमानता को दूर करने के लिए शासन में विचार चल रहा है।
Lucknow News: Photo-News Track
Lucknow Today News: उत्तर प्रदेश परिवहन निगम और कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं और मांगों पर रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद, उत्तर प्रदेश के प्रतिनिधिमंडल की प्रमुख सचिव, परिवहन विभाग, उत्तर प्रदेश शासन अमित कुमार गुप्ता से शुक्रवार को बापू भवन, सचिवालय में महत्वपूर्ण बैठक हुई। इस बैठक में कई गंभीर मुद्दों पर चर्चा की गई, जिनमें डग्गामारी, बकाया महंगाई भत्ते, और वेतन विसंगतियाँ प्रमुख रहे।
सुरक्षा और संचालन पर चर्चा
वार्ता में परिषद ने प्रदेश के राष्ट्रीयकृत मार्गों पर हो रही डग्गामारी, अखिल भारतीय पर्यटक परमिट वाली गाड़ियों द्वारा परमिट की शर्तों का उल्लंघन, और निजी बसों व परिवहन निगम की बसों पर अतिरिक्त कर की दरों में असमानता जैसे मुद्दों को प्रमुख सचिव के समक्ष उठाया। इसके साथ ही, संविदा चालकों और दैनिक वेतन भोगी कर्मियों के नियमितीकरण, बकाया महंगाई भत्ते का देय दिनांक से भुगतान, और वेतन विसंगतियों का समाधान करने की मांग भी की गई।
प्रमुख सचिव ने दी राहत की खबर
इस दौरान प्रमुख सचिव अमित कुमार गुप्ता ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि प्रदेश में अनाधिकृत संचालन और डग्गामारी पर रोक लगाने के लिए एक प्रभावी अभियान चलाया जा रहा है। इसके अलावा, अखिल भारतीय पर्यटक परमिट से चलने वाली गाड़ियों पर नियमों के उल्लंघन पर पेनाल्टी लगाने की कार्यवाही की जाएगी।
प्रमुख सचिव ने बताया कि निजी बसों और परिवहन निगम की बसों के अतिरिक्त कर की असमानता को दूर करने के लिए शासन में विचार चल रहा है। इसके अलावा, सीधी भर्ती के रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया को मंजूरी मिल चुकी है और बकाया महंगाई भत्ते की किश्त भी जल्द स्वीकृत की जाएगी। प्रमुख सचिव ने यह भी आश्वस्त किया कि प्रदेश से बाहर तैनात कर्मचारियों के मकान किराया भत्ते के पुनरीक्षण और वेतन विसंगति के समाधान के लिए निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा, परिषद के अन्य मुद्दों पर बाद में और चर्चा की जाएगी।
इनकी रही मौजूदगी
इस वार्ता में परिवहन निगम की ओर से अपर प्रबंध निदेशक राम सिंह वर्मा और प्रधान प्रबंधक (श्रम कल्याण) अंकुर विकास उपस्थित थे। वहीं, रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद की ओर से अध्यक्ष गिरिजा शंकर तिवारी, महामंत्री गिरीश चंद्र मिश्र, उपाध्यक्ष महेश कुमार राय, सुरेश चंद्र पांडे, और अपर महामंत्री संजय कुमार राणा ने भी भाग लिया। यह बैठक इस ओर इशारा करती है कि विभागीय मुद्दों के समाधान की दिशा में कदम उठाए जा रहे हैं और कर्मचारियों की समस्याओं पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है।


