TRENDING TAGS :
यूपी महिला आयोग की अध्यक्ष एक बेड पर दो मरीज देख हुई नाराज, विभागाध्यक्ष डॉ. अंजू से पूछा कारण
Lucknow News: बुधवार सुबह 11:30 बजे पहले अवंति बाई अस्पताल, फिर क्वीन मैरी अस्पताल पहुंचीं।
यूपी महिला आयोग की अध्यक्ष ने किया अस्पतालों का दौरा (photo: social media )
Lucknow News: उत्तर प्रदेश महिला आयोग की अध्यक्ष बबीता चौहान ने बुधवार को लखनऊ के दो प्रमुख महिला अस्पतालों का निरीक्षण किया। वहां मरीजों को मिल रही सुविधाओं का जायजा लिया। बुधवार सुबह करीब 11:30 बजे पहले अवंति बाई महिला अस्पताल पहुंचीं, वहां से क्वीन मैरी अस्पताल पहुंची थी। इस दौरान उन्होंने मरीजों से संवाद कर समस्याओं को जाना और अस्पताल प्रशासन को सुधार के लिए सुझाव दिए।
गर्भवती महिलाओं से पूछा हाल
बुधवार सुबह करीब 11:30 बजे महिला आयोग अध्यक्ष सबसे पहले अवंति बाई महिला अस्पताल पहुंचीं। उन्होंने ओपीडी से लेकर ऑपरेशन थिएटर तक का निरीक्षण किया। इस दौरान मरीजों से मिलीं और उनसे बातचीत करती रही। उन्होंने वार्ड में भर्ती महिलाओं से पूछा कि क्या सुबह डॉक्टरों का राउंड पर आएं थे? मरीजों ने संतोषजनक जवाब देते हुए कहा कि डॉक्टर आकर देख गए हैं। ओपीडी में बैठी गर्भवती महिलाओं से पूछा कि उन्हें बैठे कितनी देर हो गई है, मरीजों ने बताया कि वे कुछ ही देर पहले आई हैं।
रसोईघर की सुविधाओं को जाना
निरीक्षण के दौरान किसी भी मरीज ने कोई बड़ी परेशानी नहीं बताई है। अस्पताल के लेबर रूम और रसोईघर की सुविधाओं को भी बबीता चौहान ने परखा। रसोई में काम कर रही महिला कर्मियों से खाने में बनने वाले व्यंजनों के बारे में पूछा। उन्हें बताया गया कि खाने में आलू-लौकी की सब्जी बनी है। वहां करीब 160 से 170 मरीजों के लिए खाना बनता है, तो उन्होंने रसोई में काम करने वाले कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने का सुझाव दिया। उनके अनुसार इतनी बड़ी संख्या में मरीजों के लिए खाना बनाने के लिए अधिक मैनपावर की आवश्यकता है।
क्वीन मैरी अस्पताल का निरीक्षण
लखनऊ अवंति बाई अस्पताल के निरीक्षण के बाद, महिला आयोग की अध्यक्ष किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) के क्वीन मैरी अस्पताल गईं। वहाँ भी उन्होंने प्रसूताओं को मिल रही सुविधाओं का जायजा लिया और उनकी समस्याओं को सुना। राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह चौहान ने बुधवार को केजीएमयू के क्वीनमेरी में इलाज के इंतजामों की हकीकत देखी। इस दौरान डिलीवरी वार्ड में एक बेड पर दो मरीज देख दंग रह गईं। उसपर नाराजगी जाहिर करते हुए विभागाध्यक्ष डॉ. अंजू अग्रवाल से कारण पूछा। यह दौरा महिला अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से किया गया था। उन्होंने दोनों ही अस्पतालों में मरीजों की सहायता और सुविधा के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए।


