TRENDING TAGS :
Mainpuri News: नवजात बच्ची को जन्म देने के बाद विवाहिता की संदिग्ध परिस्थिति में मौत, ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप
Mainpuri News: दुर्गा ने गुरुवार को एक बच्ची को जन्म दिया था, लेकिन कुछ ही घंटों बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई और अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई।
नवजात बच्ची को जन्म देने के बाद विवाहिता की संदिग्ध परिस्थिति में मौत (photo: social media )
Mainpuri News: मैनपुरी जनपद के थाना दन्नाहार क्षेत्र के गांव नगला माह में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान दुर्गा के रूप में हुई है, जिसकी शादी एक वर्ष पूर्व थाना कोतवाली क्षेत्र के गांव पुसैना निवासी उत्तम सिंह के साथ हुई थी। दुर्गा ने गुरुवार को एक बच्ची को जन्म दिया था, लेकिन कुछ ही घंटों बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई और अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई।
मृतका के पिता विजय सिंह ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया है कि उनकी बेटी की हत्या दहेज की मांग पूरी न होने और बच्ची को जन्म देने की वजह से की गई है। विजय सिंह ने बताया कि शादी के समय ससुराल पक्ष द्वारा मोटरसाइकिल की मांग की गई थी, लेकिन वे आर्थिक तंगी के चलते केवल नगद पैसे ही दे सके थे। आरोप है कि शादी के बाद से ही दुर्गा के साथ ससुराल वालों का व्यवहार खराब था और उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था।
एक स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया
बुधवार को प्रसव पीड़ा होने पर दुर्गा को सीएचसी गोघना ले जाया गया, जहां उसने एक स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे शाम को घर भेज दिया। लेकिन गुरुवार सुबह दुर्गा की तबीयत फिर बिगड़ गई, जिसके बाद परिजन उसे दोबारा सीएचसी गोघना लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही दुर्गा की मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। नायब तहसीलदार संदीप कुमार ने भी मौके पर पहुंचकर जानकारी जुटाई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृत्यु के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। मामले में ससुराल पक्ष के खिलाफ मुकदमा दर्ज किए जाने की संभावना जताई जा रही है।


