TRENDING TAGS :
Mainpuri News: दर्दनाक सड़क हादसा: एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत, मासूम बच्ची गंभीर रूप से घायल
Mainpuri News: मैनपुरी जनपद में शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक ही परिवार के पाँच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई
Mainpuri News: उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जनपद में शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक ही परिवार के पाँच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक मासूम बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। यह भीषण दुर्घटना बेवर थाना क्षेत्र स्थित जीटी रोड हाईवे पर हुई।हादसे में मृतक परिवार किशनी थाना क्षेत्र के हीरापुर रोड स्थित कैथौली गाँव का निवासी था। मृतकों की पहचान दीपक चौहान (36), उनकी पत्नी पूजा (34), बेटियाँ आशि (9) और आर्या (4), तथा बहन सुजाता (50) के रूप में हुई है।
कैसे हुआ हादसा?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दीपक चौहान अपने परिवार के साथ स्विफ्ट डिजायर कार में सवार होकर आगरा से छिबरामऊ की ओर जा रहे थे। जैसे ही कार बेवर से आगे बढ़ी, अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार कर गई और सामने से आ रहे एक ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार पाँच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
घायल बच्ची की हालत नाज़ुक
हादसे के बाद स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुँचे। राहत और बचाव कार्य के दौरान एक मासूम बच्ची को कार से बाहर निकाला गया, जिसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हाईवे पर लंबा जाम
दुर्घटना के चलते कानपुर-आगरा हाईवे पर लगभग एक घंटे तक लंबा जाम लग गया, जिसे पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद खुलवाया। हादसे के बाद ट्रक और कार को जब्त कर लिया गया है तथा पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।
पूरे क्षेत्र में शोक की लहर
इस दर्दनाक दुर्घटना ने न सिर्फ मैनपुरी, बल्कि पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया है। स्थानीय प्रशासन ने पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता देने का आश्वासन दिया है।


