TRENDING TAGS :
Mathura News: मथुरा में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया बाल दिवस, जिला कारागार में आयोजित हुई निबंध प्रतियोगिता
Mathura News: राजकीय शिशु सदन मथुरा में बाल दिवस पर ‘तरंग’ पहल के तहत सांस्कृतिक कार्यक्रम, कलाबाजी, देशभक्ति गीत और रचनात्मक प्रतिभा का हुआ शानदार प्रदर्शन।
बाल दिवस पर शिशु सदन मथुरा में रंगारंग कार्यक्रम, बच्चों ने दिखाया हुनर (Photo- Newstrack)
Mathura News: माननीय उच्च न्यायालय किशोर न्याय समिति, इलाहाबाद के दिशा-निर्देश पर एवं महिला एवं बाल विकास विभाग, उत्तर प्रदेश की “तरंग” पहल के अंतर्गत राजकीय शिशु सदन, मथुरा में बाल दिवस का भव्य आयोजन सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में बच्चों की प्रतिभा, उत्साह और रचनात्मकता का मनमोहक संगम देखने को मिला।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जनपद न्यायाधीश श्री विकास कुमार थे। उनके साथ सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री सुरेन्द्र प्रसाद, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्री उत्सव गौरव राज, प्रधान मजिस्ट्रेट किशोर न्याय बोर्ड श्री गौरव सिंह, मुख्य विकास अधिकारी श्री मनीष मीणा, जिला प्रोबेशन अधिकारी श्री विकास कुमार सहित विभिन्न सदनों के अधीक्षक व गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत बच्चों द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति गीतों से हुई, जिन्होंने वातावरण को ऊर्जा और राष्ट्रभावना से भर दिया। वहीं बच्चों की कलाबाजी के अद्भुत प्रदर्शन ने सभी को प्रभावित किया और सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
मुख्य अतिथि श्री विकास कुमार ने बाल दिवस के ऐतिहासिक महत्व, पंडित जवाहरलाल नेहरू की बाल-प्रेम भावना तथा बाल अधिकारों पर प्रकाश डालते हुए बच्चों को प्रेरक उद्बोधन दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा, सुरक्षा और संवर्धन हर बच्चे का अधिकार है और समाज को उनके उज्ज्वल भविष्य हेतु संवेदनशील होना चाहिए। मुख्य अतिथि ने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित किया।
अन्य अतिथियों ने भी बच्चों के अधिकारों, शिक्षा, सुरक्षा व सर्वांगीण विकास पर अपने सारगर्भित विचार रखे। “तरंग” पहल के अंतर्गत बच्चों के लिए विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियाँ, खेलकूद प्रतियोगिताएँ एवं सहभागिता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनसे बच्चों में आत्मविश्वास और रचनात्मक सोच को बढ़ावा मिला। कार्यक्रम में बच्चों को उपहार व प्रोत्साहन सामग्री भी वितरित की गई।
समापन अवसर पर सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री सुरेन्द्र प्रसाद ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामनाएँ कीं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में अनुशासन, सकारात्मक दृष्टिकोण और सामाजिक संवेदनशीलता का विकास करते हैं। जिला प्रोबेशन अधिकारी श्री विकास कुमार ने सभी अतिथियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “तरंग” के माध्यम से इस प्रकार के आयोजन बच्चों के सर्वांगीन विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। कार्यक्रम उत्साह, सहभागिता और गरिमापूर्ण वातावरण के साथ सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।
रिपोर्टर अमित शर्मा, जिला मथुरा
-------------------------------------------------------
बाल दिवस पर विद्यालय में हर्षोल्लास के साथ आयोजित हुआ बाल मेला
आज 14 नवम्बर 2025 को बाबू दाऊदयाल एडवोकेट सरस्वती विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सलेमपुर, सोख रोड, मथुरा में बाल दिवस के उपलक्ष्य में भव्य बाल मेले का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ एवं बाल मेले का उद्घाटन मुख्य अतिथि चौ. विपिन सिंह (ब्लॉक प्रमुख, गोवर्धन) द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। मुख्य अतिथि का परिचय एवं स्वागत विद्यालय के प्रधानाचार्य योगेश कुमार ने किया, जबकि अन्य अतिथियों का स्वागत कार्यक्रम के संयोजक अंकुर सक्सेना द्वारा किया गया।
इसके पश्चात मुख्य अतिथि एवं प्रधानाचार्य ने मेले में भैया-बहिनों द्वारा लगाई गई विभिन्न प्रकार की स्टॉल्स का अवलोकन किया तथा व्यंजनों का स्वाद लेते हुए बच्चों का उत्साहवर्धन किया। मुख्य अतिथि ने विद्यालय द्वारा ऐसे कार्यक्रमों को विद्यार्थियों में आत्मनिर्भरता, रचनात्मकता और व्यवहारिक ज्ञान विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने विद्यालय की शिक्षा, अनुशासन एवं संस्कारों के क्षेत्र में हो रही निरंतर प्रगति की सराहना भी की।
बाल दिवस कार्यक्रम बड़े उत्साह और हर्षोल्लास के बीच संपन्न हुआ। बाल मेले में बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी पाक-कला एवं रचनात्मक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया, जिससे उनमें नई ऊर्जा, आत्मविश्वास और उमंग का संचार हुआ।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य ने बाल दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सभी अतिथियों, अभिभावकों और भैया-बहिनों का धन्यवाद ज्ञापित किया।
कार्यक्रम में भरत सिंह , राजू चौधरी, विष्णु चौधरी एवं लोकेश ठाकुर की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का सफल संचालन लतेश कुमार द्वारा किया गया।
रिपोर्टर अमित शर्मा, जिला मथुरा
Mathura News: जिला कारागार मथुरा में बाल दिवस पर निबंध प्रतियोगिता आयोजित
Mathura News: मथुरा, 14 नवंबर 2025। बाल दिवस के अवसर पर जिला कारागार मथुरा में बंदियों के लिए निबंध लेखन प्रतियोगिता आयोजित की गई। यह कार्यक्रम जेल अधीक्षक अंशुमन गर्ग के निर्देश पर कराया गया। कारागार प्रशासन का मानना है कि निबंध लेखन बंदियों के विचारों, भावनाओं और अभिव्यक्ति को सकारात्मक दिशा देने का एक प्रभावी साधन है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए बाल दिवस पर यह प्रतियोगिता आयोजित की गई।
प्रतियोगिता के लिए पाँच विषय निर्धारित किए गए थे
1. कारागार : एक सुधारात्मक ग्रह
2. भारतीय न्याय व्यवस्था
3. कारागार बंदी जीवन
4. बाल दिवस
5. पंडित जवाहर लाल नेहरू
बंदियों को इन पाँच विषयों में से अपनी पसंद के किसी एक विषय पर निबंध लिखने का विकल्प दिया गया। प्रतियोगिता में कुल 92 बंदियों ने हिस्सा लिया, जिनमें 85 पुरुष और 7 महिला बंदी शामिल रहीं। निबंध प्रपत्र शिक्षा अध्यापक सुलेंद्र चौधरी द्वारा तैयार किए गए थे। प्रतियोगिता कुल 100 अंकों की थी और प्रतिभागियों को एक घंटे का समय दिया गया था।
कार्यक्रम की संपूर्ण व्यवस्था उपकारपाल दुर्गेश प्रताप सिंह तथा शिक्षा अध्यापक सुलेंद्र चौधरी की देखरेख में संपन्न हुई। सभी प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक प्रतियोगिता में भाग लिया और अपनी सोच तथा अनुभवों को निबंध के माध्यम से व्यक्त किया।
कारागार प्रशासन के अनुसार, इस आयोजन का उद्देश्य बंदियों में सकारात्मक चिंतन बढ़ाना, लेखन क्षमता विकसित करना और उन्हें रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ना है। प्रतियोगिता समाप्त होने के बाद निबंधों का मूल्यांकन किया जाएगा। पुरुष और महिला दोनों वर्गों में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले बंदियों को पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे, ताकि उन्हें आगे भी ऐसे कार्यक्रमों में भाग लेने की प्रेरणा मिल सके।
जेल अधीक्षक अंशुमन गर्ग ने कहा कि कारागार केवल दंड का स्थान नहीं, बल्कि सुधार और नए अवसरों की राह दिखाने वाला संस्थान है। ऐसे कार्यक्रम बंदियों के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और उन्हें समाज में सकारात्मक रूप से लौटने के लिए प्रेरित करते हैं।
बाइट अंशुमन गर्ग
अधीक्षक, जिला कारागार मथुरा
रिपोर्टर- अमित शर्मा, जिला मथुरा
-------------------------


