TRENDING TAGS :
Mathura News: "भगवान श्रीकृष्ण जन्माष्टमी 2025 को लेकर भव्य तैयारियां"
Mathura News: जन्माष्टमी के पर्व को भव्य और ऐतिहासिक रूप देने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी इस वर्ष 16 अगस्त 2025 को भव्यता से मनाई जाएगी।
Mathura News: उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के सभागार में भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव 2025 की तैयारियों को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश के गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग मंत्री श्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने की।बैठक में जन्माष्टमी के पर्व को भव्य और ऐतिहासिक रूप देने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी इस वर्ष 16 अगस्त 2025 को भव्यता से मनाई जाएगी। इसके अंतर्गत विश्राम घाट पर 5100 दीपों का प्रज्वलन किया जाएगा, जिससे पूरे क्षेत्र को दिव्य आभा से सराबोर किया जाएगा।
जनपद के 20 प्रमुख चौराहों एवं घाटों पर विशेष विद्युत सजावट और प्रकाश व्यवस्था की जाएगी। मथुरा शहर में 17 सेल्फी पॉइंट्स स्थापित किए जाएंगे, जो श्रद्धालुओं और पर्यटकों को आकर्षित करेंगे।श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के अंतर्गत 5 बड़े मंचों पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी, जिनमें पांचजन्य प्रेक्षागृह, ओ.ए.टी. रसखान समाधि, ओ.ए.टी. परसौली चंद्र सरोवर, श्रीकृष्ण जन्मस्थान लीला मंच और ओ.ए.टी. गीता शोध संस्थान वृंदावन प्रमुख हैं। इसके अतिरिक्त 20 छोटे मंचों पर भी ब्रज की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आयोजित की जाएंगी।
ब्रज तीर्थ विकास परिषद द्वारा प्रमुख मंदिरों की विशेष सजावट और विद्युत प्रकाश व्यवस्था की जाएगी। श्रीकृष्ण जन्मस्थान से शोभायात्रा का आयोजन किया जाएगा, जिसमें 25 ग्रुपों के 325 कलाकार भाग लेंगे। शोभायात्रा के मार्ग में 6 भव्य प्रवेश द्वार बनाए जाएंगे।साथ ही राजकीय संग्रहालय में श्रीकृष्ण की लीलाओं पर आधारित चित्रकला शिविर का आयोजन भी प्रस्तावित है।इस अवसर पर ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष श्री शैलजा कांत मिश्र, मथुरा महापौर श्री विनोद अग्रवाल, विधायक श्री पूरन प्रकाश, तथा संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।


