Meerut News: पाठशालाएँ बंद, मधुशालाएँ चालू, शिक्षा के खिलाफ योगी सरकार की 'बुलडोज़र नीति': आप का कमिश्नरी से डीएम कार्यालय तक विरोध मार्च

Meerut News: प्रदर्शन के दौरान अंकुश चौधरी ने तीखे शब्दों में सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए कहा, "यह सरकार पाठशालाएँ बंद कर मधुशालाएँ खोलने में जुटी है।

Sushil Kumar
Published on: 2 July 2025 1:50 PM IST
Meerut News: पाठशालाएँ बंद, मधुशालाएँ चालू, शिक्षा के खिलाफ योगी सरकार की बुलडोज़र नीति: आप का कमिश्नरी से डीएम कार्यालय तक विरोध मार्च
X

Meerut News

Meerut News: उत्तर प्रदेश में सरकारी स्कूलों को बंद करने के फैसले के खिलाफ आज आम आदमी पार्टी (आप) मेरठ ने जोरदार प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष अंकुश चौधरी की अगुवाई में सैकड़ों कार्यकर्ता मेरठ कमिश्नरी पार्क से लेकर जिलाधिकारी कार्यालय तक मार्च निकालते हुए नारेबाज़ी करते नज़र आए। बाद में प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन संबंधित अधिकारी को सौंपा।

प्रदर्शन के दौरान अंकुश चौधरी ने तीखे शब्दों में सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए कहा, "यह सरकार पाठशालाएँ बंद कर मधुशालाएँ खोलने में जुटी है। 2024 में 27,308 शराब के ठेके खोले गए और अब 27,000 सरकारी स्कूल बंद कर देने की साजिश रची जा रही है। यह शिक्षा के अधिकार कानून (RTE) का खुला उल्लंघन है।

उन्होंने आरोप लगाया कि छात्र संख्या का कोई मानक तय किए बिना ही सरकार स्कूलों पर ताले लगा रही है। इससे न केवल लाखों बच्चों की शिक्षा प्रभावित होगी, बल्कि हजारों शिक्षकों, प्रधानाध्यापकों और रसोइयों की रोज़ी-रोटी पर भी संकट खड़ा होगा। चौधरी ने चेतावनी दी कि अगर शासनादेश वापस नहीं लिया गया तो पार्टी पूरे प्रदेश में उग्र आंदोलन छेड़ेगी।

मधुशालाओं की चमक में पाठशालाएँ मलबे में दबी जा रही हैं,” चौधरी ने व्यंग्य करते हुए कहा। उन्होंने दिल्ली और पंजाब में आम आदमी पार्टी की शिक्षा क्रांति का उदाहरण देते हुए योगी सरकार से सवाल किया कि वह गरीब बच्चों के लिए बेहतर सरकारी स्कूल क्यों नहीं बना सकती।प्रदर्शन में पार्टी के कई प्रमुख पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल रहे, जिनमें अंकित गिरी, फुरकान त्यागी, हबीब अंसारी, हेम कुमार, यासीन मलिक, फलक चौहान, देव अग्रवाल, मुन्नी देवी व मंजू यादव प्रमुख हैं।

1 / 8
Your Score0/ 8
Sushil Kumar
ABOUT THE AUTHOR

Sushil Kumar

Next Story